हैदराबाद के एक होटल में 26 साल की रेणुका ने अपने बॉयफ्रेंड फारूख को वीडियो कॉल किया और बात करते-करते ही अपनी जान दे दी। आखिर इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह क्या थी?
हैदराबाद: हैदराबाद से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात करते-करते ही खुदकुशी कर ली। मरने वाली लड़की की पहचान 26 साल की क्लब डांसर रेणुका के तौर पर हुई है। रेणुका अपने बॉयफ्रेंड फारूख के साथ एक होटल के कमरे में गई थी। दोनों कुछ देर तक कमरे में साथ रहे। इसके बाद फारूख कमरे से बाहर चला गया, जबकि रेणुका कमरे में अकेली थी। इसी दौरान उसने फारूख को वीडियो कॉल किया और बात करते-करते अपनी जान दे दी।

शादीशुदा थी रेणुका, पति से रहती थी अलग
हैदराबाद के बोलारम की रहने वाली रेणुका की शादी 8 साल पहले हुई थी। उसका एक बेटा भी है। लेकिन वो अपने पति से अलग रह रही थी। पिछले 6 महीनों से रेणुका, फारूख के साथ रिलेशनशिप में थी। दोनों का रिश्ता काफी आगे बढ़ चुका था। इसी कड़ी में दोनों हैदराबाद के एक होटल में कमरा लेकर ठहरे थे। दोनों ने साथ में चेक-इन किया और कुछ वक्त होटल के कमरे में साथ बिताया।
बिरयानी ऑर्डर की, फिर बॉयफ्रेंड चला गया
रेणुका और फारूख ने होटल के कमरे में आराम से वक्त बिताया। रात में दोनों ने ऑनलाइन बिरयानी ऑर्डर की और साथ में खाई। खाने के बाद फारूख यह कहकर निकल गया कि उसे एक कार्यक्रम में जाना है। फारूख के जाने के बाद कमरे में अकेली रेणुका ने कुछ देर बाद उसे फोन किया। रेणुका ने वीडियो कॉल किया और बात करते-करते ही अपनी जान दे दी।
'ये रहा तुम्हारा बर्थडे गिफ्ट', कहकर दे दी जान
वीडियो कॉल पर बात करते हुए रेणुका ने कहा, "ये मेरी तरफ से तुम्हारे लिए बर्थडे गिफ्ट है।" इसके बाद उसने अपनी जान दे दी। 'बर्थडे गिफ्ट' रेणुका के आखिरी शब्द थे। जानकारी मिलते ही हैदराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
क्या फारूख ने दिया था धोखा?
ऐसी भी बातें सामने आ रही हैं कि फारूख ने रेणुका को धोखा दिया था। फारूख को पता था कि रेणुका अपने पति से अलग अकेली रहती है। उसने प्यार से बात कर और मदद के बहाने रेणुका से करीबी बढ़ाई। लेकिन फारूख ने रेणुका से यह बात छिपाई कि वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। यह भी आरोप है कि उसने रेणुका को अपना नाम भी कुछ और बताया था।
