Birthday Lottery Ticket Gift: अमेरिका में एक शख्स को उसके दोस्त ने जन्मदिन पर तोहफे में एक लॉटरी टिकट दिया. उस टिकट पर 1 मिलियन डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये) का जैकपॉट लग गया, जिससे वह शख्स रातों-रात करोड़पति बन गया.

Illinois Lottery Winner: आमतौर पर जन्मदिन पर लोग कपड़े, गहने या कोई और महंगा तोहफा देते हैं. लेकिन अमेरिका में एक शख्स ने अपने दोस्त को बर्थडे पर एक ऐसा अनोखा गिफ्ट दिया, जिसने उसे करोड़पति बना दिया.

यह हैरान कर देने वाला मामला इलिनॉय के ब्रेडवुड में रहने वाले एक शख्स के साथ हुआ. उनकी पत्नी ने उनके लिए एक बर्थडे पार्टी रखी थी. पार्टी में आए एक दोस्त ने उन्हें गिफ्ट में एक लॉटरी टिकट दिया. जब पता चला कि उस टिकट पर 1 मिलियन डॉलर (भारतीय रुपयों में करीब 9 करोड़) का इनाम निकला है, तो पति-पत्नी की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा.

पहले लगा कुछ हज़ार जीते, पर निकले करोड़ों!

इलिनॉय लॉटरी ने 8 अगस्त को ड्रॉ निकाला था, जिसमें इस टिकट पर जैकपॉट लगा. टिकट के सभी छह नंबर (11, 17, 22, 26, 36, 45) ड्रॉ के नंबरों से हूबहू मैच हो गए. हालांकि, शुरुआत में उन्हें लगा कि सिर्फ़ 1000 डॉलर का ही इनाम लगा है. लेकिन जब एक दोस्त ने टिकट को ठीक से चेक किया, तो पता चला कि यह तो जैकपॉट है.

इसके बाद जब वह अपनी पत्नी के साथ इनाम लेने के लिए लॉटरी प्राइज सेंटर पहुंचे, तो वहां के स्टाफ ने बताया कि उन्हें 1000 डॉलर नहीं, बल्कि पूरे 1 मिलियन डॉलर का जैकपॉट लगा है. यह सुनते ही दोनों हैरान रह गए. लॉटरी में जीती रकम सुनकर पति-पत्नी की आंखों में खुशी के आंसू आ गए. मज़े की बात तो यह है कि उसी टिकट पर दो और लाइनों के नंबर भी मैच हुए, जिससे उन्हें 2 डॉलर और मिले.

जीते हुए पैसों का क्या करेंगे?

जीती हुई रकम से ये कपल फ्लोरिडा में रहने वाले अपने परिवार से मिलने जाएगा. वे इस साल की अपनी छुट्टियों का खर्च भी इसी पैसे से उठाएंगे. उनकी एक नई कार और एक गोल्फ कार्ट खरीदने की भी योजना है. साथ ही, वे अपनी शादी की 40वीं सालगिरह को भी धूमधाम से मनाएंगे और इस मौके पर अपने बच्चों को खास तोहफे देंगे.