भारत का हथियार निर्यात ₹24,000 करोड़ तक पहुँच गया है। स्वदेशी पिनाका रॉकेट सिस्टम अर्मेनिया को निर्यात किया गया है। यह 44 सेकंड में 72 रॉकेट दाग सकता है और इसकी रेंज 120 किमी तक बढ़ाई जा रही है।
नई दिल्ली: भारत के हथियार निर्यात को रिकॉर्ड स्तर पर बढ़ाने की तैयारी चल रही है। रविवार को नागपुर के प्लांट से पिनाका रॉकेट सिस्टम का एक्सपोर्ट ऑर्डर भेजा गया। पिनाका भारत का मल्टी-बैरल रॉकेट सिस्टम है। इसकी रेंज और सटीकता इसकी खासियत है। भारत के इस स्वदेशी रॉकेट सिस्टम में दुनिया के कई देश दिलचस्पी दिखा रहे हैं। पिनाका की खासियत यह है कि यह 44 सेकंड में 72 रॉकेट दाग सकता है। इसकी रेंज भी काफी अलग है। यह 40 किमी दूर के लक्ष्यों को सटीकता से भेद सकता है। फिलहाल इसकी रेंज को 120 किलोमीटर तक बढ़ाने पर काम चल रहा है। इन पिनाका रॉकेटों का उत्पादन सोलर डिफेंस और एयरोस्पेस प्रोजेक्ट के तहत किया गया है।
पिनाका रॉकेट सिस्टम भारत की स्वदेशी हथियार शक्ति की एक झलक है। 44 सेकंड में 72 रॉकेट दागने की क्षमता के कारण, यह हमले के दौरान दुश्मनों को सांस लेने का मौका भी नहीं देता। अब भारत ने ये रॉकेट लॉन्चर अर्मेनिया को दिए हैं। भारत अब सिर्फ हथियारों का आयातक नहीं, बल्कि निर्यातक देशों में से एक बन गया है। 10 साल पहले भारत का हथियार निर्यात 1000 करोड़ रुपये से भी कम था। आज वही निर्यात 24 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
साल-दर-साल बढ़ रही रेंज
अप्रैल 2022 में सफल परीक्षणों के बाद, भारतीय सेना ने पिनाका के लेटेस्ट वर्जन MK-I को अपने बेड़े में शामिल किया। शुरू में, पिनाका की रेंज 37.5 किलोमीटर थी। लेकिन समय के साथ, इस सिस्टम की रेंज बढ़ती गई। भारतीय सेना अब 120 किलोमीटर की नई रेंज वाले पिनाका रॉकेटों को शामिल करेगी। 120 किमी रेंज का दिसंबर 2025 में सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया था। 40 और 75 किमी की दूरी पर रॉकेट दागने वाला लॉन्चर पहले से ही मौजूद है। उसी लॉन्चर से 120 किमी दूर तक मार करने वाले रॉकेट दागने का प्रयोग भी सफल रहा है।
अर्मेनिया के साथ कितने करोड़ की डील?
सितंबर 2022 में, अर्मेनिया ने भारत के साथ चार बैटरी पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर के लिए 2,000 करोड़ रुपये के सौदे पर हस्ताक्षर किए। इसमें एंटी-टैंक रॉकेट, गोला-बारूद और अन्य उपकरण शामिल हैं। अर्मेनिया के खरीदने के बाद अब फ्रांस ने भी पिनाका में दिलचस्पी दिखाई है।
अर्मेनिया को पिनाका क्यों दिया गया?
भारत के अर्मेनिया को पिनाका रॉकेट लॉन्चर देने की एक वजह भी है। दरअसल, अर्मेनिया के पड़ोसी देश अजरबैजान ने पाकिस्तान का समर्थन किया था। इसी अजरबैजान का अर्मेनिया के साथ सीमा विवाद है। अजरबैजान की नींद उड़ाने के लिए अर्मेनिया की सेना को मजबूत करना जरूरी है। इसीलिए भारत ने अर्मेनिया को रॉकेट लॉन्चर निर्यात किए हैं।
