जर्मनी में बसे एक भारतीय युवक ने भारत लौटने की दुविधा साझा की है। अच्छी नौकरी के बावजूद, वह अपने बूढ़े माता-पिता के साथ रहने के लिए लौटना चाहता है। वह भारत में बिजनेस शुरू करने की योजना बना रहा है, लेकिन इस फैसले को लेकर चिंतित है।
विदेश में बसे कई भारतीयों की ये एक आम कहानी है। अच्छी नौकरी, बेहतर ज़िंदगी, लेकिन देश में अकेले रह रहे बूढ़े मां-बाप। ऐसी ही एक उलझन सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसे जर्मनी में बसे एक भारतीय युवक ने शेयर किया है। युवक ने अपनी पोस्ट में बताया कि यूरोप में उसकी ज़िंदगी बहुत अच्छी चल रही है, फिर भी वो आने वाले सालों में भारत लौटने के बारे में सोच रहा है।

उसने लिखा, "जर्मनी में ज़िंदगी हर तरह से अच्छी है। शानदार नौकरी, अच्छे सहकर्मी, ऑफिस आने-जाने में कम समय और एक बेहतरीन वर्क-लाइफ बैलेंस है।" लेकिन, उसकी इच्छा है कि वो भारत में अपने बूढ़े हो रहे माता-पिता के साथ रहे। यही वजह है कि वो वापस आने की सोच रहा है। हालांकि, युवक यह भी मानता है कि यह फैसला आसान नहीं है। भारत में पर्सनल और प्रोफेशनल, दोनों स्तरों पर नए माहौल में ढलना एक बड़ी चुनौती होगी।
जर्मनी में अच्छी नौकरी करने के बाद, वो भारत आकर किसी कंपनी में जॉब नहीं करना चाहता। इसके बजाय, उसका प्लान 'बिजनेस इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग' या 'आर्किटेक्चर आउटसोर्सिंग' के क्षेत्र में अपना खुद का बिजनेस शुरू करने का है। युवक ने बताया कि भारत में उसका अपना घर है, इसलिए किराए की कोई चिंता नहीं है। फिर भी, परिवार, बचत, स्वास्थ्य, बिजनेस का जोखिम और जीवनशैली जैसे पहलुओं को देखते हुए, वो इस बात को लेकर परेशान है कि क्या भारत लौटना एक समझदारी भरा फैसला होगा या उसे बाद में पछताना पड़ेगा? उसने यह भी पूछा कि लौटने से पहले सुरक्षित रूप से कितनी रकम बचाकर रखनी चाहिए।
इस पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट्स किए हैं। बहुत से लोगों ने कहा कि भारत में दोबारा सेटल होना काफी मुश्किल होगा। लोगों ने युवक को सलाह दी कि हमेशा के लिए लौटने के बारे में सोचने के बजाय, उसे कोई और प्रैक्टिकल तरीका खोजना चाहिए।
