Indian Woman Australia: एक भारतीय महिला को 5 मिनट तक गर्म पानी से नहाना बहुत महंगा पड़ गया। बाथरूम का एग्जॉस्ट फैन चलाना भूलने की वजह से भाप से फायर अलार्म बज गया, जिसके बाद उन्हें 1.30 लाख रुपये का भारी जुर्माना भरना पड़ा।

ndian Woman Viral Video: ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली वामिका के लिए एक आम-सा शॉवर ऐसा किस्सा बन गया, जिसे वह शायद जिंदगी भर नहीं भूलेंगी। वह सिर्फ पांच मिनट के लिए नहाने गई थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी बिल्डिंग में ऐसा हंगामा मचा कि सभी को बाहर निकलना पड़ा।

अचानक बजने लगा फायर अलार्म

वामिका शॉवर ले ही रही थीं कि अचानक पूरी बिल्डिंग में फायर अलार्म गूंज उठा। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद कोई सामान्य टेस्ट ड्रिल चल रही है। इसलिए वह आराम से अपनी शॉवर खत्म करने में लगी रहीं। लेकिन असली ट्विस्ट तो तब आया, जब करीब 25 मिनट बाद वह नीचे पहुंचीं।

नीचे पहुंचते ही खुला पूरा राज

बाहर लोगों की भीड़ देखकर वामिका को समझ आया कि मामला सिर्फ टेस्ट ड्रिल का नहीं है। बिल्डिंग मैनेजर ने उनसे पूछा कि क्या वह उस समय शॉवर ले रही थीं। बस फिर क्या था… वामिका को समझ आ गया कि फायर अलार्म का ‘राज’ उन्हीं के बाथरूम से जुड़ा है।

न आग लगी, न धुआं… फिर क्यों बजा अलार्म?

वामिका के मुताबिक, उन्होंने शॉवर लेते समय बाथरूम का एग्जॉस्ट फैन ऑन नहीं किया था। गर्म पानी से निकली भाप जमा हुई और संभवत: इसी वजह से फायर अलार्म एक्टिव हो गया। यानी न गैस जली, न खाना जला और न ही कोई आग लगी… फिर भी पूरी बिल्डिंग को खाली कराना पड़ गया!

View post on Instagram

अब आया कहानी का सबसे बड़ा झटका

वामिका को लगा कि मामला थोड़ी शर्मिंदगी के साथ खत्म हो जाएगा। लेकिन असली झटका अभी बाकी था। इस घटना के लिए उन्हें करीब 1,900 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जुर्माना भरना पड़ा, जो भारतीय करेंसी में लगभग ₹1.30 लाख है। यानी पांच मिनट की शॉवर का खर्च किसी लग्जरी होटल के पूरे वीकेंड से भी ज्यादा भारी पड़ गया!

‘खाना बनाने से होता तो कम बेइज्जती होती’

अपनी परेशानी बताते हुए वामिका ने मजाकिया अंदाज में कहा, “खाना बनाने से होता तो कम बेइज्जती होती, नहाते-नहाते कैसे कर दिया मैंने।” उनका यह रिएक्शन अब सोशल मीडिया पर लोगों को खूब गुदगुदा रहा है।

पांच मिनट की शॉवर, लाख रुपये का सबक

वामिका ने वीडियो के कैप्शन में बताया कि टैक्स समेत उन्हें करीब 1,900 डॉलर का जुर्माना देना पड़ा। उन्होंने अंत में बस इतना कहा कि इस पूरे मामले के बाद वह “स्पीचलेस” हैं। इस घटना ने एक बात तो साफ कर दी—कभी-कभी सिर्फ पांच मिनट नहाना भी इतना महंगा पड़ सकता है कि उसकी कीमत जिंदगी भर याद रहे!