ईरान-इजरायल तनाव अब मिडिल ईस्ट के कई देशों तक फैल चुका है। अजरबैजान, ओमान, तुर्की और साइप्रस में ड्रोन व मिसाइल घटनाओं की खबरें सामने आई हैं। कई जगह हमलों के लिए ईरान पर शक जताया गया, लेकिन तेहरान ने इन आरोपों से इनकार किया है। 

Iran Israel War Day 6: ईरान और इजरायल के बीच बढ़ता तनाव अब पूरे मिडिल ईस्ट क्षेत्र में फैलता नजर आ रहा है। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, सीरिया और इराक समेत कई देशों में ड्रोन और मिसाइल से जुड़ी घटनाओं की खबरें सामने आई हैं। कहीं सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, तो कुछ जगह एयरपोर्ट और बंदरगाह के आसपास धमाकों की जानकारी मिली है। हालांकि, कई मामलों में यह अब तक साफ नहीं हो पाया है कि इन हमलों के पीछे किसका हाथ है।

4 मुस्लिम देशों पर ईरान नहीं तो किसने किया अटैक?

ईरान ने कई आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसके नाम पर झूठे हमले दिखाए जा रहे हैं। तेहरान ने कुछ घटनाओं को “फॉल्स फ्लैग” यानी झूठे बहाने से की गई कार्रवाई बताया है, जिसका मकसद क्षेत्र में तनाव बढ़ाना हो सकता है। आइए अलग-अलग घटनाओं को समझते हैं।

1- Azerbaijan Drone Incident: एयरपोर्ट के पास गिरा ड्रोन

अजरबैजान ने आरोप लगाया कि उसके नखचिवान इलाके में एयरपोर्ट के पास 2 ड्रोन गिराए गए। अधिकारियों के मुताबिक ये ड्रोन ईरान की दिशा से आए थे और इस घटना में 2 नागरिक घायल हुए हैं। इस घटना के बाद अजरबैजान ने ईरान पर ड्रोन हमला करने का आरोप लगाया। हालांकि, ईरान ने इस आरोप से साफ इनकार कर दिया। ईरान ने बयान जारी कर कहा कि उसकी सेना ने अजरबैजान की ओर कोई ड्रोन नहीं भेजा है और वह अजरबैजान की संप्रभुता का सम्मान करता है।

2- Oman Drone Incident: धोफर और सलालाह में ड्रोन गिरने की खबर

ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक साउथ धोफर इलाके में 2 ड्रोन को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। वहीं एक ड्रोन सलालाह बंदरगाह के पास गिरा। इस घटना में किसी के घायल होने या नुकसान की खबर नहीं है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इन ड्रोन का संबंध ईरान से हो सकता है। लेकिन ईरान ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया। ईरानी सेना के मुख्यालय ने कहा कि ओमान उसका दोस्त और पड़ोसी है और उस पर किसी तरह का सैन्य हमला नहीं किया गया।

3- Turkey Missile Alert: नाटो ने रोकी बैलिस्टिक मिसाइल

4 मार्च को तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी कि नाटो के एयर और मिसाइल डिफेंस सिस्टम ने एक बैलेस्टिक मिसाइल को रोक दिया। यह मिसाइल तुर्की की हवाई सीमा की ओर बढ़ रही थी। इस घटना के बाद यह सवाल उठा कि मिसाइल किस देश से छोड़ी गई थी? ईरान पर आरोप लगाए गए, लेकिन ईरान की ओर से ऑफिशियल बयान जारी कर इन आरोपों को खारिज कर दिया गया। ईरान ने साफ कहा कि उसने तुर्की की ओर कोई मिसाइल नहीं छोड़ी और वह तुर्की की संप्रभुता का सम्मान करता है।

4- Cyprus Drone Attack: ब्रिटिश एयरबेस पर हमले के बाद ‘फॉल्स फ्लैग’ का दावा

2 मार्च को साइप्रस के अक्रोटिरी स्थित ब्रिटिश रॉयल एयर फोर्स के एयरबेस पर ड्रोन हमला हुआ। इसके बाद कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह हमला ईरान से जुड़ा हो सकता है। हालांकि ईरान ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। तेहरान का कहना है कि यह 'फॉल्स फ्लैग' ऑपरेशन हो सकता है, जिसका मकसद क्षेत्र में तनाव को और बढ़ाना है।