BRICS Summit 2026: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच कई अहम मुद्दों पर बात हुई. पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के तनाव और मौजूदा हालात का मुद्दा उठाया. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत के लिए नाविकों की सुरक्षा सबसे पहले है.

Masoud Pezeshkian India Visit: नई दिल्ली: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन नई दिल्ली पहुंच गए हैं। शुक्रवार को दिल्ली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे मुलाकात की। पीएम मोदी ने चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए ईरानी राष्ट्रपति का आभार जताया।

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया संकट पर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन के बीच हुई बैठक में पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात और क्षेत्रीय तनाव पर विस्तार से चर्चा हुई। भारत ने संकट के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति को सबसे प्रभावी रास्ता बताया। बैठक में क्षेत्र की सुरक्षा और बदलते हालात को लेकर भारत की चिंताओं पर भी बात हुई।

नाविकों की सुरक्षा भारत के लिए सबसे अहम

पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए अपने नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारत ने क्षेत्र में आवाजाही करने वाले मालवाहक जहाजों के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। समुद्री मार्गों में किसी भी तरह की रुकावट का सीधा असर वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है।

ऊर्जा सुरक्षा पर भी भारत की नजर

बैठक के दौरान ऊर्जा सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पश्चिम एशिया वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां बढ़ता तनाव तेल एवं गैस की आपूर्ति को प्रभावित कर सकता है। भारत ने क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने और ऊर्जा आपूर्ति के सुरक्षित रास्तों को सुनिश्चित करने के महत्व को रेखांकित किया।

राष्ट्रपति बनने के बाद पहला भारत दौरा

मसूद पेज़ेश्कियन का यह भारत दौरा राष्ट्रपति बनने के बाद उनका पहला भारत दौरा है। उनका दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ा हुआ है। ऐसे में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान भारत और ईरान के शीर्ष नेतृत्व की यह मुलाकात रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

12-13 सितंबर को हो रहा ब्रिक्स सम्मेलन

भारत इस साल 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जा रहा है। सम्मेलन में सदस्य देशों के नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार, सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।