अमेरिका से बातचीत नाकाम होने पर ईरान ने उसे और इजरायल को धमकी दी है। ईरान ने एक नए खौफनाक हथियार के इस्तेमाल की चेतावनी दी है, जो दुश्मनों में डर पैदा कर सकता है। यह ट्रंप द्वारा ईरान का प्रस्ताव खारिज करने के जवाब में कहा गया है।
तेहरान: अमेरिका से बातचीत की कोशिशें नाकाम होने के बाद अब ईरान ने एक नई धमकी दी है। ईरान ने अपने दुश्मन अमेरिका और इजरायल को चेतावनी देते हुए कहा है कि वो जल्द ही एक ऐसे हथियार का इस्तेमाल करेगा, जो दुश्मनों में खौफ पैदा कर दे और उन्हें 'हार्ट अटैक' तक ला सकता है। दरअसल, ईरान ने बातचीत के लिए तीन-चरणीय प्रस्ताव रखा था, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खारिज कर दिया था। बुधवार को ही ट्रंप ने मशीनगन के साथ अपनी एक तस्वीर के जरिए ईरान को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि ईरान को परमाणु समझौते को लेकर कोई सही समझ नहीं है और उसे जल्द ही समझदारी से काम लेना चाहिए।
ट्रंप की इसी धमकी का ईरान ने गुरुवार को जवाब दिया। ईरान के सीनियर नौसेना अधिकारी शहरम ईरानी ने पलटवार करते हुए कहा, 'हम जल्द ही दुश्मनों को एक ऐसे हथियार से घेरेंगे जिससे वे बहुत डरते हैं। यह हथियार उनके बिल्कुल करीब है। मैं तो बस यही उम्मीद करता हूं कि इस हमले से उन्हें हार्ट अटैक न आ जाए।' उन्होंने यह बात तंज कसते हुए कही।
शहरम ईरानी ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘ट्रंप प्रशासन सोच रहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को ईरानी जहाजों के लिए बंद करके वे हमें आर्थिक रूप से कमजोर कर देंगे और बातचीत के लिए मजबूर कर देंगे। लेकिन उनकी यह सोच खुद उनके ही मिलिट्री सर्कल में एक बड़ा मजाक बन गई है।’
