Raksha Bandhan Teen Death: कलाई पर राखी बंधी थी और चेहरे पर मुस्कान... लेकिन घर लौटते ही 17 साल के रोहित धनगर ने एक खौफनाक मैसेज भेजा और सब कुछ खत्म हो गया! आखिर क्या छुपा था उस आखिरी इंस्टाग्राम स्टेटस के पीछे?

Jalgaon Teen Suicide Case: रक्षाबंधन का दिन हर घर में खुशियां लेकर आता है, लेकिन महाराष्ट्र के जलगांव जिले में 11वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र रोहित साहेबराव धनगर के परिवार के लिए यह दिन कभी न भूलने वाले गम में बदल गया। त्योहार के मौके पर रोहित अपने पिता के साथ अपनी बहन से मिलने गया था। बहन ने बड़े प्यार से उसकी कलाई पर राखी बांधी, मिठाइयां खिलाईं और भाई-बहन ने हंसी-खुशी समय बिताया। उस वक्त किसी को अंदाजा भी नहीं था कि मुस्कुराते हुए घर लौट रहा रोहित कुछ ही घंटों में एक खौफनाक कदम उठाने वाला है।

इन्स्टाग्राम पर आखिरी संदेश और खौफनाक कदम

घर लौटने के तुरंत बाद रोहित का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी बहन के साथ राखी की तस्वीर साझा की और एक भावुक कर देने वाला संदेश लिखा: "सबका ध्यान रखना, दीदी... प्लीज़ मम्मी और पापा को अकेला मत छोड़ना। मैं जा रहा हूँ।" इसके अलावा उसने एक और स्टेटस लगाया जिसमें लिखा था कि अगली बार जब वह वापस आएगा, तो सबका पसंदीदा बनेगा और सारे दाग मिटा देगा। इन संदेशों ने बहन और परिजनों के होश उड़ा दिए, लेकिन जब तक वे कुछ समझ पाते, काफी देर हो चुकी थी।

ऑनलाइन गेमिंग का दलदल और वायरल वीडियो

शुरुआती पुलिस जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, इस आत्मघाती कदम के पीछे ऑनलाइन गेमिंग की काली दुनिया का हाथ था। रोहित ने फांसी लगाने से ठीक पहले अपने एक दोस्त को वीडियो मैसेज भेजा था, जिसमें उसने रोते हुए कबूल किया था कि उसने ऑनलाइन गेमिंग में भारी रकम गंवा दी है। पैसे डूबने के इसी मानसिक तनाव और डर के कारण उसने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला कर लिया। दोस्त वीडियो देखते ही उसके घर की तरफ भागा, लेकिन जब तक लोग पहुंचे, रोहित फांसी के फंदे पर झूल चुका था।

अस्पताल में मातम और पुलिस कार्रवाई

परिजन और पड़ोसी आनन-फानन में रोहित को उठाकर पास के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। त्योहार के दिन जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ (ADR) दर्ज कर ली है और रोहित के मोबाइल फोन को जब्त कर ऑनलाइन गेमिंग ऐप व लेन-देन के ब्योरे की जांच शुरू कर दी है।

मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन (Help lines):

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है या सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया इन नंबरों पर संपर्क करें:

  • वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ: 9999666555 | help@vandrevalafoundation.com
  • TISS iCall: 022-25521111 (सोमवार से शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)।