Vietnam Accident : वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के योग टीचर राजा कुमार वर्मा का शव शनिवार को उनके घर पहुंच गया। जितिया के दिन बेटे का शव घर आने से परिवार में मातम है।
रांची. वियतनाम के दा लात शहर में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची निवासी योग टीचर राजा कुमार वर्मा का शव शनिवार को उनके घर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने भारी मन से राजा का पार्थिव शरीर रिसीव किया। खास बात यह रही कि राजा का शव जितिया के दिन घर पहुंचा, जब माताएं अपने बेटों की लंबी उम्र और सलामती की कामना करती हैं।
दो साल से वियतनाम में सिखा रहे थे योग
राजा कुमार वर्मा पिछले करीब दो साल से वियतनाम के दा लात शहर की एक एकेडमी में योग सिखा रहे थे। वह वहीं रहकर काम करते थे और अपनी कमाई से परिवार का खर्च चलाते थे। उनके पिता उमेश वर्मा पेशे से इलेक्ट्रीशियन हैं। परिवार के मुताबिक, राजा ही घर का मुख्य सहारा थे।
गीली सड़क पर फिसली स्कूटी
यह दर्दनाक हादसा 25 सितंबर को हुआ था। राजा अपने दोस्त और जमशेदपुर निवासी योग टीचर विनय कुमार राय के साथ काम से लौट रहे थे। इसी दौरान गीली सड़क पर उनकी स्कूटी फिसल गई और एक कार से टकरा गई। हादसे में राजा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल विनय ने दो दिन बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया।
शव वापस लाने में आई आर्थिक परेशानी
हादसे के बाद दोनों परिवारों के सामने अपने बेटों के शव भारत लाने की बड़ी चुनौती थी। परिवारों ने बताया था कि उनके पास शव वापस लाने का खर्च उठाने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे। बताया गया कि राजा का शव भारत लाने में करीब 20 लाख रुपये का खर्च आ रहा था।
इसके बाद वियतनाम में रहने वाले भारतीय समुदाय और राजा के दोस्तों ने चंदा जुटाकर परिवार की मदद की। झारखंड सरकार, विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और वियतनाम के अधिकारियों के प्रयास से शव भारत लाने की प्रक्रिया पूरी हुई। राजा का शव पहले वियतनाम से कोलकाता लाया गया और फिर एंबुलेंस से रांची पहुंचाया गया।
महुआ माजी ने परिवार से की मुलाकात
जेएमएम सांसद महुआ माजी भी राजा के घर पहुंचीं और परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने राजा को होनहार और संस्कारी युवक बताया। उन्होंने कहा कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
माजी ने जितिया के दिन राजा का शव घर आने को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में परिवार को हरसंभव मदद दिलाने की कोशिश की जा रही है।
दोनों परिवारों को 5-5 लाख की मदद
झारखंड सरकार ने वियतनाम हादसे में जान गंवाने वाले दोनों योग शिक्षकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। सरकार की इस मदद से परिवारों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


