Kerala Landslide Train News: केरल में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से पारसाला रेलवे स्टेशन के पास भूस्खलन हो गया। इस हादसे में बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया और 6 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। फिलहाल दूसरे इंजन की मदद से ट्रेन को आगे बढ़ाने और ट्रैक ठीक करने का काम जारी है।

Parasala Railway Station: केरल में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसी वजह से दक्षिण केरल के पारसाला रेलवे स्टेशन के पास अचानक भूस्खलन हो गया। मलबे की चपेट में आने से बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया, जिससे इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 2:19 बजे भूस्खलन के चलते ट्रेन नंबर 22619 को रोकना पड़ा। जांच में पता चला कि ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया है। इसके बाद तुरंत एक दूसरे इंजन का इंतजाम किया गया ताकि ट्रेन को आगे भेजा जा सके। रेलवे कर्मचारी ट्रैक को ठीक करने में जुटे हुए हैं। ट्रैक बंद होने से नेय्याट्टिनकरा और तिरुनेलवेली के बीच ट्रेनों की आवाजाही आंशिक रूप से रोक दी गई है। वहीं, इस रूट पर चलने वाली 6 पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है।

मैसूर से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के लिए चलेगी वन-वे स्पेशल ट्रेन

यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दक्षिण पश्चिम रेलवे ने 23 अक्टूबर को मैसूर से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के लिए एक वन-वे स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया है।

ट्रेन नंबर 06276 मैसूर-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी वन-वे स्पेशल एक्सप्रेस 23 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे मैसूर से रवाना होगी और 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन केएसआर बेंगलुरु, धर्मावरम, रायचूर, सिकंदराबाद, काजीपेट, बल्हारशाह, नागपुर, इटारसी और भोपाल स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें 12 स्लीपर क्लास, 6 जनरल क्लास और दिव्यांगों के लिए खास सुविधा वाले 2 लगेज-कम-ब्रेक वैन शामिल हैं।