KFC Mangaluru: मैंगलुरु में KFC के एक आउटलेट पर खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Division) के अधिकारियों ने जांच की थी। इसके एक दिन बाद कंपनी ने सफाई जारी करते हुए कहा है कि वे चिकन को रखने और परोसने में सभी नियमों का पालन करते हैं।

KFC Food Safety: मंगलुरु में KFC आउटलेट पर बासी चिकन परोसे जाने की शिकायत के बाद कंपनी ने सफाई दी है। KFC ने सोमवार को कहा कि मामले को लेकर सामने आ रही जानकारी पूरी सच्चाई नहीं बताती। कंपनी ने दावा किया कि उसके रेस्टोरेंट में इस्तेमाल और स्टोर किया जाने वाला चिकन तय खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार रखा जाता है।

यह बयान स्वास्थ्य मंत्री यूटी खादर के निर्देश पर फूड सेफ्टी डिवीजन के अधिकारियों द्वारा आउटलेट के निरीक्षण के एक दिन बाद आया है। एक ग्राहक ने शिकायत की थी कि रेस्टोरेंट में कथित तौर पर बासी चिकन परोसा जा रहा है।

KFC ने क्या कहा?

KFC ने अपने बयान में कहा कि एक जिम्मेदार ब्रांड के तौर पर वह फूड सेफ्टी, क्वालिटी और हाइजीन को लेकर गंभीर है। कंपनी के मुताबिक, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में चल रही जानकारी मामले की वास्तविक स्थिति को पूरी तरह से नहीं दर्शाती।

कंपनी ने बताया कि वह देशभर के प्रतिष्ठित सप्लायर्स से उच्च गुणवत्ता वाला चिकन खरीदती है और FSSAI के दिशानिर्देशों के साथ-साथ अपने वैश्विक गुणवत्ता मानकों का भी पालन करती है।

चिकन की गुणवत्ता पर कंपनी का दावा

KFC ने कहा कि उसके रेस्टोरेंट में चिकन को निर्धारित मानकों के मुताबिक स्टोर किया जाता है और रोजाना स्टोर में ही तैयार किया जाता है। कंपनी के अनुसार, सप्लायर के फार्म से लेकर ग्राहक की प्लेट तक चिकन की गुणवत्ता और सुरक्षा की कई स्तरों पर जांच की जाती है।

कंपनी ने यह भी कहा कि वह इस मामले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और लागू कानूनी एवं नियामकीय नियमों के तहत मामले की समीक्षा की जा रही है।

KFC ने ग्राहकों को यह भी भरोसा दिलाया कि जो लोग उसकी किचन प्रक्रिया और फूड सेफ्टी प्रोटोकॉल को करीब से समझना चाहते हैं, वे रेस्टोरेंट मैनेजर से संपर्क कर किचन टूर की जानकारी ले सकते हैं।

अधिकारियों ने लिए चिकन के सैंपल

इस मामले में फूड सेफ्टी अधिकारियों ने KFC के संबंधित आउटलेट का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान चिकन के सैंपल लिए गए और उन्हें लैब टेस्ट के लिए भेजा गया है।

इसके अलावा, आउटलेट को मौजूद चिकन स्टॉक को हटाने और कोल्ड स्टोरेज एरिया की सफाई करने का निर्देश भी दिया गया।

अब जांच की रिपोर्ट का इंतजार है। लैब टेस्ट के नतीजों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चिकन की गुणवत्ता को लेकर की गई शिकायत में कितनी सच्चाई थी। फिलहाल KFC ने आरोपों से इतर अपने फूड सेफ्टी सिस्टम और तय मानकों के पालन पर जोर दिया है।