महाराष्ट्र के कोल्हापुर में शादी का झांसा देकर युवती को कैसे ब्लैकमेल और गैंगरेप का शिकार बनाया गया? आरोपियों ने 10 महीने तक युवती को अपने कब्जे में रखकर किस तरह प्रताड़ित किया? पीड़िता ने आखिरकार पुलिस तक पहुंचने का फैसला कैसे और क्यों किया?

मुंबई: प्यार के नाम पर एक लड़की को धोखा देकर उसके साथ गैंगरेप करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ये चारों पिछले 10 महीने से बारी-बारी से लड़की का यौन शोषण कर रहे थे। आरोपियों ने लड़की को 10 महीने तक बंधक बनाकर रखा और उसे अपनी हवस का शिकार बनाते रहे। यह दिल दहला देने वाली घटना महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हुई है। लड़की ने हिम्मत दिखाकर पुलिस में शिकायत की, तब जाकर यह मामला सामने आया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कैसे फंसी लड़की धोखे के जाल में?

करीब एक साल पहले लड़की की दोस्ती कोल्हापुर के रहने वाले एक लड़के से हुई थी। यह दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। लड़के ने लड़की से शादी करने का वादा भी किया था। लगभग 10 महीने पहले, वह शादी की बात करने के बहाने लड़की को एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने लड़की के मना करने के बावजूद उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।

10 महीने तक दिखाया नरक

इस दौरान आरोपी लड़के ने इस घिनौनी हरकत को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। उसने लड़की के साथ कुछ तस्वीरें भी खींच लीं। इन्हीं तस्वीरों और वीडियो के दम पर वह लड़की को ब्लैकमेल करने लगा। इस घटना के बाद उसने 10 महीने तक लड़की को नरक की जिंदगी जीने पर मजबूर कर दिया।

जब लड़की ने वीडियो और तस्वीरें डिलीट करने की गुहार लगाई, तो उसने लड़की के परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, इस हैवानियत में उसने अपने तीन और दोस्तों को भी शामिल कर लिया। आरोप है कि पिछले 10 महीनों से चारों आरोपी लड़की को कोल्हापुर और आसपास के लॉज, फ्लैट्स और दूसरी जगहों पर ले जाकर डराते-धमकाते और नशीली दवाएं देकर बारी-बारी से रेप करते रहे।

रखी शादी करने की शर्त

हाल ही में जब लड़की की तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई, तो उसने आरोपियों से उसे छोड़ देने की मिन्नतें कीं। इस पर मुख्य आरोपी ने एक शर्त रखी। उसने कहा कि अगर वह किसी को बताए बिना उससे रजिस्टर मैरिज कर ले, तो वह वीडियो और तस्वीरें डिलीट कर देगा।

चारों की दरिंदगी से तंग आकर लड़की ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और कोल्हापुर के एक स्थानीय पुलिस स्टेशन पहुंची। वहां उसने महिला अधिकारियों के सामने अपना बयान दर्ज कराया। पीड़िता की आपबीती सुनकर अधिकारी भी सन्न रह गए। पुलिस ने गैंगरेप, ब्लैकमेलिंग, जबरन बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने जैसी कई धाराओं में केस दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच कर रही है।