लॉस एंजेलिस में शोर की शिकायत पर 20 से ज्यादा पुलिसवाले पहुंचे और एक पालतू कुत्ते को गोली मार दी। यह घटना NBA जीत के जश्न के दौरान हुई। मालिक के अनुसार कुत्ता आक्रामक नहीं था, और अब इस घटना को लेकर इंसाफ की मांग हो रही है।
अक्सर अपार्टमेंट में रहने वाले लोग पार्टियों और तेज आवाज से परेशान हो जाते हैं। ऐसे में कोई पड़ोसी आकर आवाज कम करने को कहता है, तो एक अच्छे नागरिक के तौर पर लोग मान भी जाते हैं। लेकिन अगर मामला पुलिस तक पहुंच जाए तो क्या होगा? पुलिस आएगी, आवाज कम करने को कहेगी और नहीं मानने पर शायद गिरफ्तार करके ले जाएगी। लेकिन लॉस एंजेलिस में एक अजीब ही मामला सामने आया। यहां शोर की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने एक पालतू कुत्ते को ही गोली मार दी, वह भी उसके मालिक और उनके बेटे के सामने। हैरानी की बात यह है कि इस शिकायत पर 20 से ज्यादा पुलिसवाले और एक हेलिकॉप्टर तक पहुंच गया!

शोर की शिकायत पर कुत्ते को मार दी गोली
यह दर्दनाक घटना लॉस एंजेलिस की है। अमेरिका के सबसे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स में से एक नेशनल बास्केटबॉल चैम्पियनशिप (NBA) चल रही थी। इस बार न्यूयॉर्क निक्स (New York Knicks) ने चैम्पियनशिप जीती थी। इसी जीत का जश्न कनोगा पार्क के जॉर्डन एवेन्यू पर बने एक अपार्टमेंट में मनाया जा रहा था। जेरेमिया गार्सिया, उनके बेटे और उनका दो साल का पालतू कुत्ता 'जेमिसन' भी इस जश्न में शामिल थे। जेमिसन सेंट बर्नार्ड, गोल्डन रिट्रीवर और डूडल ब्रीड का मिक्स था। लेकिन उनके पड़ोसी को यह शोर पसंद नहीं आया और उसने लॉस एंजेलिस पुलिस डिपार्टमेंट (LAPD) में शिकायत कर दी। इसके बाद जो हुआ, वो चौंकाने वाला था। रात करीब 8:55 बजे 20 से ज्यादा पुलिसवाले और एक हेलिकॉप्टर के साथ पूरी टीम वहां पहुंच गई। पुलिस को देखकर जेमिसन भौंकने लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गोली मार दी।
परिवार मांग रहा इंसाफ
इस घटना के बाद मालिक का अपने मरे हुए कुत्ते को गले लगाकर रोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही लोग परिवार के लिए इंसाफ की मांग करने लगे। पुलिस का कहना है कि उन्होंने मालिक से कुत्ते को काबू करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने दरवाजा बंद कर लिया। जब उन्होंने दोबारा दरवाजा खोला, तो कुत्ता भौंकते हुए एक अफसर की तरफ झपटा। वहीं, मालिक जेरेमिया गार्सिया का कहना है कि उनका कुत्ता कभी भी आक्रामक नहीं था। निक्स टीम की जर्सी पहने जेमिसन की तस्वीरें दिखाकर अब एनिमल राइट्स एक्टिविस्ट भी इंसाफ की मांग कर रहे हैं। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि सिर्फ शोर की शिकायत पर कुत्ते को गोली मारने वाली पुलिस ने कैपिटल हिल हिंसा के दौरान क्या किया था? मामला तूल पकड़ने के बाद, 'जस्टिस फॉर जेमिसन: हेल्प अस ऑनर हिज मेमरी' नाम से एक GoFundMe कैंपेन भी शुरू किया गया है।
