मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर में आयोजित सम्मेलन से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपये ट्रांसफर होंगे। साथ ही 122 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात भी दी जाएगी।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के घाटीगाँव स्थित शबरी माता मंदिर में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं को बड़ी सौगात देंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। यह राशि योजना की 34वीं किस्त के रूप में दी जा रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर सरकार का विशेष फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी दिशा में लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत नवंबर माह से मासिक सहायता राशि में 250 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके बाद अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

Scroll to load tweet…

जून 2023 से अब तक 54 हजार करोड़ से अधिक राशि का अंतरण

प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। इस योजना ने महिलाओं को आर्थिक आत्मविश्वास देने के साथ ही उनके सामाजिक सम्मान को भी मजबूत किया है। जून 2023 से लेकर फरवरी 2026 तक योजना के तहत 33 किश्तों का नियमित भुगतान किया जा चुका है। इस अवधि में प्रदेश की बहनों के खातों में सीधे 54,140 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है।

महिलाओं को कौशल, रोजगार और स्व-रोजगार से जोड़ने की तैयारी

प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। सरकार अब योजना से जुड़ी महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्व-रोजगार के अवसरों से भी जोड़ने की योजना बना रही है। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।

ग्वालियर में 122 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

लाड़ली बहना सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर जिले में लगभग 122 करोड़ रुपये की लागत के 54 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें करीब 62 करोड़ रुपये की लागत के 19 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत के 35 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है।

इन प्रमुख परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री द्वारा जिन कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, उनमें लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से बने सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुलैथ के भवन का उद्घाटन प्रमुख है। इसके अलावा 9.11 करोड़ रुपये की लागत से डाडा खिरक तिघरा मार्ग पर सांक नदी पर बने उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण भी किया जाएगा। इसके साथ ही उप स्वास्थ्य केंद्र बन्हेरी तथा ग्वालियर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित कई नई सड़कों का भी लोकार्पण किया जाएगा।

भूमि-पूजन में श्रमिक विश्रामगृह और अंबेडकर धाम संग्रहालय शामिल

मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का भूमि-पूजन करेंगे, उनमें आईएसबीटी के पास 6.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 100 सीटर श्रमिक विश्रामगृह प्रमुख है। इसके साथ ही 12.16 करोड़ रुपये की लागत से अंबेडकर धाम के दूसरे चरण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन पर आधारित संग्रहालय का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई सड़कों का निर्माण, आयुर्वेदिक महाविद्यालय में एनाटॉमी विभाग के लिए नया हॉल और छात्रावास, तथा भितरवार में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी इन विकास कार्यों में शामिल है।