MP Govt Free Coaching: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने युवाओं के लिए बड़े ऐलान किए हैं। अब राज्य के सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग मिलेगी। साथ ही रिसर्च स्कॉलरशिप को बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है।
भोपाल : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 'सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026' का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से सीधे बातचीत की और छात्रों के हित में कई बड़े ऐलान किए। कार्यक्रम के दौरान सीएम यादव ने 'सेवा संकल्प अभियान-2026' के तहत 'मध्य प्रदेश-सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज' के लिए रजिस्ट्रेशन की भी शुरुआत की। इसके अलावा उन्होंने उच्च शिक्षा और तकनीकी विकास से जुड़ी एक खास प्रदर्शनी का भी जायजा लिया।
16,000 रुपये से बढ़ाकर की 25,000
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा, "मध्य प्रदेश सरकार अब राज्य के सभी जिलों के सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री कोचिंग देगी। रिसर्च स्कॉलर्स को मिलने वाली स्कॉलरशिप भी 16,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रति माह कर दी गई है। इसके साथ ही सरकारी कॉलेजों में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड कंप्यूटिंग लैब बनाई जाएंगी। युवाओं के बीच इनोवेशन और स्टार्टअप आइडिया को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तर पर 5 करोड़ रुपये का 'आइडिया फंड' भी बनाया जाएगा।"
अब MPPSC की परीक्षा साल में दो बार होगी
युवाओं को ज्यादा मौके देने के मकसद से उन्होंने यह भी ऐलान किया कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा अब साल में दो बार आयोजित की जाएगी। सीएम ने कहा, "मध्य प्रदेश युवाओं का राज्य है। हमारी सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर मौके देने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में सरकारी पदों पर भर्तियां की जा रही हैं। साल 2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के ज्यादा मौके मिलें, इसके लिए पीएससी (PSC) परीक्षा साल में दो बार होगी।"
भोपाल में हुआ यूथ कॉन्क्लेव
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार 'युवा वर्ष 2027' की तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में युवाओं से सुझाव लेने के लिए इस यूथ कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया था। सीएम ने कहा, "मुझे खुशी है कि हम युवा वर्ष 2027 मनाने जा रहे हैं। इसी सिलसिले में हमने आज यूथ कॉन्क्लेव का आयोजन किया है और युवाओं से सुझाव मांग रहे हैं। राज्य सरकार ने कई फैसले भी लिए हैं और विभाग उन्हें लागू करने की दिशा में काम कर रहे हैं।"


