नॉर्वे के स्वालबार्ड में, एक सो रहे ध्रुवीय भालू को जहाज का हॉर्न बजाकर जगाने पर एक व्यक्ति पर 4.5 लाख रुपये का जुर्माना लगा। स्वालबार्ड में वन्यजीवों को परेशान करने के खिलाफ कड़े कानून हैं, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।
Polar Bear Viral News: नॉर्वे के स्वालबार्ड द्वीपसमूह में एक अजीब मामला सामने आया है। यहां एक शख्स को सो रहे ध्रुवीय भालू (पोलर बियर) को जगाना बहुत महंगा पड़ गया। घटना इस महीने की शुरुआत की है, जब एक जहाज उत्तरी ध्रुव से करीब 1,000 किलोमीटर (620 मील) दूर, उत्तर-पश्चिमी स्वालबार्ड के एक फियोर्ड (fjord) से गुजर रहा था। जहाज पर सवार लोगों ने ज़मीन पर एक पोलर बियर को आराम करते देखा। इसके बाद उन्होंने कुछ ऐसा किया जिसकी उम्मीद नहीं थी - उन्होंने जहाज का फॉगहॉर्न बजा दिया।
गुरुवार को स्वालबार्ड के गवर्नर लार्स फॉसे ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इस घटना के लिए एक अनजान व्यक्ति पर 50,000 क्रोनर (£3,890) यानी करीब 4.5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। गवर्नर ने अपने बयान में कहा, "जब जहाज जानवर के पास से गुजरा, तो उस पर सवार लोगों ने ज़मीन पर एक पोलर बियर को सोते हुए देखा। फिर जहाज पर मौजूद एक व्यक्ति ने फॉगहॉर्न का इस्तेमाल किया, जिससे जानवर जाग गया और दूसरी जगह चला गया।" उस व्यक्ति ने जुर्माना भरने पर सहमति जता दी है।
दरअसल, स्वालबार्ड में आर्कटिक के नाजुक वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बेहद कड़े नियम हैं। स्थानीय कानूनों के मुताबिक, "किसी भी ध्रुवीय भालू को बेवजह परेशान करना, अपनी ओर खींचना या उसका पीछा करना मना है।" यहां 1972 से ही इस प्रजाति को संरक्षण मिला हुआ है। आपको बता दें कि यह द्वीपसमूह पोलर बियर की एक बड़ी आबादी का घर है। 2015 में हुई आखिरी वैज्ञानिक गिनती के मुताबिक, यहां करीब 250 भालू दर्ज किए गए थे।
यह कोई पहला मामला नहीं है जब इस इलाके में वन्यजीवों को परेशान करने पर किसी पर जुर्माना लगा हो। इसी साल 2024 में, एक वालरस (Walrus) के बहुत करीब जाने पर एक टूरिस्ट पर 11,500 क्रोनर (£900) का जुर्माना लगाया गया था। स्वालबार्ड का पर्यावरण कानून कहता है कि द्वीपसमूह में सभी तरह की आवाजाही इस तरह से होनी चाहिए कि वन्यजीवों, जैसे पोलर बियर, सील, व्हेल, बारहसिंगा और आर्कटिक लोमड़ी को कोई गैर-जरूरी परेशानी न हो।
