Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मानसिक रूप से विक्षिप्त 32 साल के युवक ने अपनी मां, दादा-दादी और 5 साल की चचेरी बहन की हत्या कर दी। इस खौफनाक हमले में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

Umaria Murder Case: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में शनिवार तड़के एक युवक ने कथित तौर पर पहले मंदिर के पुजारी पर हमला किया और बाद में अपने ही परिवार के लोगों को निशाना बना दिया। करीब चार घंटे तक चले इस खूनी घटनाक्रम में 5 साल की बच्ची समेत परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मंदिर के पुजारी पर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, घटना करनपठार थाना क्षेत्र के अमोदा गांव की है, जो जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर है। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय प्रेम सिंह के रूप में हुई है।

बताया गया कि रात करीब 2 बजे प्रेम सिंह ने गांव के शनि मंदिर में मौजूद पुजारी गंगाराम पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में पुजारी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को काबू कर रस्सी से बांध दिया।

घायल पुजारी को उनके रिश्तेदार जबलपुर जिले के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

रस्सी खुलने के बाद फिर हुआ हिंसक

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे प्रेम सिंह की मां अनुपिया बाई ने उसे रस्सी से खोल दिया। इसके बाद वह घर गया, नहाया और कुछ देर बाद फिर हिंसक हो गया।

आरोप है कि उसने डंडे और पत्थरों से अपने परिवार के लोगों पर हमला शुरू कर दिया। इस हमले में उसकी मां अनुपिया बाई, दादा संपत सिंह, दादी भन्नी बाई और 5 साल की चचेरी बहन मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिवार के चार लोगों की मौत

हमले में संपत सिंह, भन्नी बाई और अनुपिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल 5 साल की मोनिका को इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।

हमले में दो अन्य बच्चे और परिवार के एक रिश्तेदार चैन सिंह भी घायल हुए हैं। चैन सिंह के हाथ में फ्रैक्चर और सिर में चोट आई है।

बच्ची ने भागकर दी रिश्तेदार को जानकारी

परिवार के रिश्तेदार चैन सिंह के मुताबिक, हमले के दौरान एक बच्ची किसी तरह घर से बाहर निकलने में कामयाब रही। उसने उन्हें घटना की जानकारी दी। चैन सिंह जब मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।

इसके बाद ग्रामीणों ने दोबारा मौके पर पहुंचकर प्रेम सिंह को पकड़ लिया और उसे बांध दिया। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

आरोपी की मानसिक स्थिति पर पुलिस ने कही ये बात

उमरिया के एसपी विक्रांत मुराब के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है और उसके हिंसक व्यवहार का पुराना इतिहास भी बताया गया है। पुलिस फिलहाल घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

परिवार के मुताबिक, अनुपिया बाई की तबीयत खराब थी और वह करीब एक सप्ताह पहले इलाज के लिए उमरिया से अपने मायके आई थीं। प्रेम सिंह भी घटना से करीब तीन दिन पहले ही वहां आया था।

रिश्तेदारों ने यह भी दावा किया कि प्रेम सिंह अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था और इसी वजह से उसकी पत्नी करीब तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।