मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आलीराजपुर में 171 करोड़ रुपये के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि दी और आजाद नगर में भव्य पार्क बनाने की घोषणा की। नर्मदा सिंचाई परियोजना से 170 गांवों को लाभ मिलेगा।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज आलीराजपुर जिले के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए 171 करोड़ रुपये की लागत से 49 विकास कार्यों की सौगात दी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले में बुनियादी सुविधाओं, सड़क संपर्क और ग्रामीण ढांचे को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर 79.92 करोड़ रुपये की लागत से 14 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही 119.01 करोड़ रुपये की लागत के 35 कार्यों का भूमि-पूजन भी किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने जिले में ग्राम संपर्क सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न सड़कों के निर्माण की घोषणा की। इस अवसर पर स्व-सहायता समूहों, बैंक ऋण वितरण, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के हितग्राहियों को लाभ और प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

Chandrashekhar Azad Balidan Diwas: भाभरा (चंद्रशेखर आजाद नगर) में श्रद्धांजलि

शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनकी जन्मस्थली भाभरा (चंद्रशेखर आजाद नगर) पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद भारत की क्रांति का तेजस्वी स्वर थे। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए मात्र 14 वर्ष की आयु में संघर्ष का मार्ग चुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेकर गरीब, किसान, युवा और नारी कल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि गुजरात के साथ-साथ मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में भी आर्थिक बदलाव देखने को मिला है। आलीराजपुर भील जनजाति की संस्कृति और स्वाभिमान की भूमि है, जिसकी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Chandrashekhar Azad Memorial Park: आजाद नगर में बनेगा भव्य पार्क

मुख्यमंत्री ने स्थानीय आस्था के प्रतीक बाबा भीलट देव, बाबा डूंगर देव, बाबा पाटला देव, रानी काजल माता, डूंगरी माता और मालवाई माता को नमन किया। उन्होंने कहा कि आलीराजपुर की पवित्र भूमि ने चंद्रशेखर आजाद और शहीद छीतू किराड़ जैसे वीर सपूतों को जन्म दिया। संस्कृति विभाग के सहयोग से चंद्रशेखर आजाद से जुड़े स्थानों को विकसित कर दर्शनीय बनाया जाएगा। चंद्रशेखर आजाद नगर में उनके नाम से एक भव्य पार्क का निर्माण किया जाएगा।

Narmada Sinchai Pariyojana: 1800 करोड़ की सिंचाई परियोजना से 170 गांवों को लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि आलीराजपुर में 1800 करोड़ रुपये की लागत से नर्मदा सिंचाई परियोजना का कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना से 170 गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधाओं का पूरा लाभ दिलाया जाएगा। राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को किसानों के लिए समर्पित किया है।

Ladli Behna Yojana, PM Kisan Samman Nidhi और जनकल्याण योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये (6 हजार केंद्र और 6 हजार राज्य) सीधे बैंक खाते में दिए जा रहे हैं। प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए जिलों में नि:शुल्क शव वाहन की व्यवस्था की गई है। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित इलाज देने के लिए राहवीर योजना शुरू की गई है। जनजातीय बच्चों को पढ़ाई में आगे बढ़ाने और शासकीय सेवाओं में अवसर देने के लिए नि:शुल्क कोचिंग योजना भी प्रारंभ की गई है।