मुंबई में NEET प्रदर्शनकारी छात्रों को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देने वाला पुलिस अफसर सस्पेंड। अफसर का वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई। वह छात्रों को प्रदर्शन न करने की चेतावनी दे रहा था।

मुंबई: NEET परीक्षा में धांधली और दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ मुंबई में विरोध कर रहे छात्रों को धमकाने वाले एक पुलिस अफसर को सस्पेंड कर दिया गया है। इस अफसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसमें वह छात्रों को धमकी देते हुए दिख रहा था। मामला गरमाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। पुलिस अफसर ने धमकी दी थी कि अगर प्रदर्शन जारी रखा, तो वह उनके बैग में ड्रग्स रखकर उन्हें फर्जी केस में फंसा देगा। पिछले कुछ दिनों से शहर के शिवाजी पार्क, चेंबूर और आजाद मैदान जैसे अहम इलाकों में कई छात्र और आम नागरिक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

मामला तूल पकड़ने के बाद मुंबई पुलिस ने जांच के आदेश दिए। पुलिस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि इस तरह के बुरे बर्ताव और गैर-कानूनी धमकी को देखते हुए संबंधित अफसर को सर्विस से सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि, पुलिस ने अफसर का नाम नहीं बताया है। वायरल वीडियो में दिखता है कि पुलिस वैन में आगे की सीट पर बैठा एक अफसर छात्रों को घर जाने और दोबारा प्रदर्शन में न आने की धमकी दे रहा है। वह कह रहा है, "अगर दोबारा यहां दिखे, तो तुम्हारी ज़िंदगी बर्बाद कर दूंगा। तुम्हारे बैग में 50 ग्राम पाउडर (ड्रग्स) डाल दूंगा, तुम्हारी ज़िंदगी वहीं खत्म हो जाएगी।" वैन में मौजूद एक छात्र ने अफसर की सारी बातें अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर लीं, जो बाद में वायरल हो गईं।

Scroll to load tweet…