कर्नाटक के मैसूर में शादी से कुछ दिन पहले एक लड़की और उसके माता-पिता ने आत्महत्या कर ली। आरोप है कि एक लड़के ने लड़की की कुछ प्राइवेट तस्वीरें उसके होने वाले पति को भेज दी थीं, जिसके बाद यह दुखद घटना हुई।

बेंगलुरु: कर्नाटक के मैसूर से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। यहां शादी से सिर्फ कुछ दिन पहले एक लड़की, उसके माता-पिता ने एक साथ आत्महत्या कर ली। वजह जानकर आप भी सन्न रह जाएंगे। दरअसल, एक लड़के ने लड़की की कुछ प्राइवेट तस्वीरें उसके मंगेतर को भेज दी थीं। इसी बदनामी के डर से पूरे परिवार ने अपनी जान दे दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मरने वालों की पहचान शिवन्ना (54), उनकी पत्नी नागरत्ना (44) और उनकी 21 साल की बेटी रक्षिता के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, रक्षिता की शादी 24 जून को होनी थी। मैसूर का ही रहने वाला उल्लास गौड़ा नाम का एक लड़का पहले रक्षिता से शादी करना चाहता था, लेकिन रक्षिता और उसके परिवार ने रिश्ते से इनकार कर दिया था। इसके बाद भी उल्लास लगातार रक्षिता को परेशान कर रहा था और शादी के लिए दबाव बना रहा था।

जब रक्षिता की शादी कहीं और तय हो गई, तो उल्लास ने उसे फिर से परेशान करना शुरू कर दिया। 21 जून की रात को शिवन्ना के परिवार ने उल्लास और उसके माता-पिता को अपने घर बुलाया। उन्होंने उल्लास को चेतावनी दी और उसके फोन से रक्षिता की कुछ तस्वीरें और मैसेज डिलीट करवा दिए। लेकिन, उल्लास ने चालाकी से कुछ तस्वीरें अपने पास बचाकर रख ली थीं।

घर लौटने के बाद, उल्लास ने वही तस्वीरें रक्षिता के होने वाले पति को भेज दीं। तस्वीरें देखकर लड़के वाले भड़क गए और रक्षिता के घर पहुंचकर इस बारे में सवाल-जवाब करने लगे। इस घटना से रक्षिता का परिवार बुरी तरह टूट गया। पुलिस ने बताया कि समाज में होने वाली बेइज्जती और बदनामी के डर से शिवन्ना और उनके परिवार ने सोमवार तड़के घर पर जहर खा लिया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें परिवार ने अपनी मौत के लिए उल्लास गौड़ा को जिम्मेदार ठहराया है।

इस घटना के बाद गांव वाले और रिश्तेदार भड़क गए। उन्होंने जमकर हंगामा किया और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। बाद में, पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे उल्लास गौड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उस पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है।