Namo Bharat Train: दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी बदलने वाली है। नमो भारत ट्रेन के नए कॉरिडोर से दिल्ली के सराय काले खां से जेवर एयरपोर्ट का सफर सिर्फ 60-70 मिनट में पूरा हो सकेगा। जानिए इस 72 KM लंबे रूट का पूरा प्लान।

Noida International Airport: दिल्ली-NCR में रहने वालों के लिए सफर को आसान बनाने की एक और बड़ी तैयारी हो रही है। जल्द ही दिल्ली से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) पहुंचना बेहद तेज और आसान हो जाएगा। नमो भारत ट्रेन के एक नए कॉरिडोर का प्रस्ताव है, जो दिल्ली के सराय काले खां से जेवर एयरपोर्ट तक की दूरी को घटाकर सिर्फ 60 से 70 मिनट का कर देगा।

फिलहाल इस प्रोजेक्ट की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप दी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, यह कॉरिडोर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ RRTS कॉरिडोर के साथ जुड़ेगा, जिससे यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह जाने में काफी सहूलियत होगी। यानी अब जाम और लंबे सफर का झंझट खत्म होने की उम्मीद है।

कैसा होगा नमो भारत का नया रूट?

यह प्रस्तावित कॉरिडोर कुल 72.3 किलोमीटर लंबा होगा और इस पर कुल 25 स्टेशन बनाए जाएंगे। यह रूट गाजियाबाद RRTS स्टेशन से शुरू होगा और ग्रेटर नोएडा के कई अहम इलाकों से होकर गुजरेगा। इसमें सिद्धार्थ विहार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नॉलेज पार्क 5 जैसे इलाके शामिल हैं।

इसके बाद यह रूट नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के साथ-साथ चलेगा। फिर यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर होते हुए यह सीधे जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच जाएगा। इस पूरे रूट पर यात्रियों के लिए तेज और आरामदायक सफर का अनुभव देने की योजना है।

दो फेज में पूरा होगा काम

इस बड़े प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा करने की योजना बनाई गई है। पहले फेज में गाजियाबाद से लेकर ग्रेटर नोएडा के इकोटेक VI तक 39.4 किलोमीटर का हिस्सा बनाया जाएगा। इस हिस्से में कुल 11 स्टेशन प्रस्तावित हैं।

दूसरे फेज का काम इकोटेक VI से शुरू होकर जेवर एयरपोर्ट तक जाएगा। यह हिस्सा 32.9 किलोमीटर लंबा होगा और इस पर 14 स्टेशन बनाए जाएंगे। इस तरह दोनों फेज पूरे होने के बाद गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली सीधे एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे।

कितना बचेगा समय?

इस कॉरिडोर का सबसे बड़ा फायदा समय की बचत है। नमो भारत ट्रेनें 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने के लिए डिजाइन की गई हैं। इस हाई-स्पीड कनेक्टिविटी की वजह से गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर सिर्फ 37 मिनट में पूरा हो सकेगा।

वहीं, जो लोग दिल्ली के सराय काले खां से एयरपोर्ट के लिए निकलेंगे, उन्हें भी एक घंटे से थोड़ा ही ज्यादा समय लगेगा। यह नया कॉरिडोर न सिर्फ एयरपोर्ट जाने वालों के लिए, बल्कि ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए भी एक बड़ी राहत लेकर आएगा।