NEET UG 2026 Re Exam Paper Leaked : सोशल मीडिया पर NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा का पेपर लीक होने का दावा करने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है। NTA इसको लेकर पूरा सच बताया है।
नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार ने सोशल मीडिया पर चल रहे एक "फर्जी वीडियो" का खंडन किया है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा था कि NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा का प्रश्न पत्र टेलीग्राम पर लीक हो गया था। प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट-चेक यूनिट ने सोमवार को इस वीडियो को फर्जी करार देते हुए कहा, "पेपर लीक होने का आरोप लगाने वाली खबरें बेबुनियाद और झूठी हैं।"

एक्जाम से पहले टेलीग्राम पर आ चुका था पेपर?
PIB फैक्ट चेक ने X पर पोस्ट किया, "सोशल मीडिया पर एक वीडियो फैलाया जा रहा है जिसमें दावा है कि NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा का पेपर एग्जाम से पहले ही टेलीग्राम पर लीक हो गया था। यह दावा फर्जी है। NTA के मुताबिक, पेपर लीक के आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं। NTA ने भी एक बयान में साफ किया कि रविवार को हुई दोबारा परीक्षा पूरी तरह सफल रही। एजेंसी ने सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने वालों को चेतावनी भी दी है। टेस्टिंग एजेंसी ने X पर पोस्ट किया, "NTA का ध्यान NEET (UG) 2026 को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे एक मनगढ़ंत वीडियो की ओर गया है। यह वीडियो फर्जी है और इसमें किए गए दावे झूठे हैं। परीक्षा आज पूरी सुरक्षा और निगरानी में सफलतापूर्वक आयोजित की गई।"
छात्रों को डराने के लिए फैलाई अफवाह
NTA ने अपने बयान में कहा, “छात्रों को धोखा देने या डराने के लिए इस तरह की गलत जानकारी बनाना और जानबूझकर फैलाना एक गंभीर अपराध है। NTA, I4C और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद से इस कंटेंट को बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। हम छात्रों, अभिभावकों और जनता से अपील करते हैं कि वे सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट और NTA के ऑफिशियल हैंडल्स से ही जानकारी वेरिफाई करें और ऐसी सामग्री को आगे न बढ़ाएं। हमारे 20 लाख से ज्यादा उम्मीदवार एक शांत और निष्पक्ष प्रक्रिया के हकदार हैं।”
20 से ज्यादा छात्रों ने दिया दोबारा पेपर?
NTA ने यह दोबारा परीक्षा रविवार को आयोजित की थी, क्योंकि पिछले महीने हुई परीक्षा के दौरान पेपर लीक हो गया था। एजेंसी के मुताबिक, NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा में 20 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए। यह परीक्षा भारत के 5,440 सेंटर्स और विदेश के 14 सेंटर्स पर 13 भाषाओं में आयोजित की गई।
पहली बार इतनी हाई सिक्योरिटी
NTA के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि दोबारा परीक्षा पूरे सुरक्षा इंतजामों के साथ शांति से हो गई। उन्होंने कहा, "अब तक हमें पेपर लीक से जुड़ी कोई शिकायत नहीं मिली है। NTA प्रक्रिया की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। हमें 100 फीसदी भरोसा है।"
कब आएगा नीट का रिजल्ट?
उन्होंने यह भी बताया कि मूल्यांकन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी और नतीजे सामान्य से जल्दी घोषित किए जाएंगे। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि एजेंसी ने पूरे परीक्षा चक्र को रिकॉर्ड 37 दिनों में पूरा किया है।

