नेपाल ने FSSAI की खाद्य सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बाद प्रियागोल्ड बिस्कुट के आयात, बिक्री और वितरण पर रोक लगाई। जानिए सूर्या फूड एंड एग्रो पर कार्रवाई और बिस्कुट, दूध व किशमिश की गुणवत्ता से जुड़े मामले।
Health Warning: भारतीय खाद्य बाजार से जुड़ी एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। भारत के मशहूर ब्रांड 'प्रियागोल्ड' (Priyagold Biscuits) को बनाने वाली कंपनी 'सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड' पर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की सख्ती के बाद पड़ोसी देश नेपाल ने भी कड़ा कदम उठाया है। नेपाल सरकार के खाद्य प्रौद्योगिकी और गुणवत्ता नियंत्रण विभाग (FTQCD) ने देश भर में प्रियागोल्ड बिस्कुट के आयात, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। नेपाल के अधिकारियों ने आपातकालीन बैठक बुलाकर इन बिस्कुटों को 'घटिया' यानी सब-स्टैंडर्ड श्रेणी में डाला और बाजार से तुरंत हटाने के निर्देश जारी किए हैं।
बिस्कुट में मिलावट का खेल: इंसानी सेहत से खिलवाड़
FSSAI की जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। जांच अधिकारियों को पता चला कि बिस्कुट बनाने की प्रक्रिया में इंसानों के खाने योग्य चीजों के बजाय पशुओं के चारे (Cattle Feed) के रूप में इस्तेमाल होने वाले चोकर (Bran) को फाइबर सोर्स के तौर पर मिलाया जा रहा था।
- पशु चारे वाले चोकर का इस्तेमाल: जिस बोरे में चोकर रखा था, उस पर साफ तौर पर 'पशु आहार' लिखा हुआ था, फिर भी उसे बिस्कुट में मिलाया जा रहा था।
- गंभीर कमियां: कारखाने में साफ-सफाई (Hygiene), कीटनाशक नियंत्रण और कच्चे माल को सही तरीके से स्टोर न करने जैसी कई गंभीर खामियां पाई गईं।
- FSSAI का एक्शन: मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय खाद्य नियामक ने कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Food Safety Concern: दूध और किशमिश में भी भारी गड़बड़ी
FSSAI केवल बिस्कुट कंपनी तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि उसने दो अन्य कंपनियों 'डोडला डेयरी' और 'UEIR ऑर्गेनिक फूड्स' के खिलाफ भी कानूनी शिकंजा कसा है।
- डोडला डेयरी का सैंपल फेल: डोडला डेयरी के फुल क्रीम दूध का एक सैंपल जांच में घटिया और असुरक्षित पाया गया।
- किशमिश में कीटनाशक: यूईआईआर ऑर्गेनिक फूड्स की पीली किशमिश में कीटनाशकों (Pesticide Residues) के खतरनाक अंश मिले हैं।
नेपाल सरकार की सख्त हिदायत
नेपाल के खाद्य विभाग के महानिदेशक संजीव कुमार कर्ण की मौजूदगी में हुई वर्चुअल बैठक में यह तय किया गया कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं होगा। विभाग ने नेपाल के सभी छोटे-बड़े व्यापारियों, आयातकों और आम उपभोक्ताओं से कहा है कि वे प्रियागोल्ड बिस्कुट की खरीद-बिक्री तुरंत बंद कर दें और दुकानों में पड़े स्टॉक को वापस कंपनी को लौटाएं।








