Oracle (ओरेकल) में छंटनी का नया दौर शुरू हो गया है। कुछ कर्मचारियों को सुबह ईमेल से नौकरी खत्म होने की खबर मिली। AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर अरबों डॉलर खर्च कर रही कंपनी पहले ही 21 हजार नौकरियां घटा चुकी है। आखिर वजह क्या है? जानिए पूरी रिपोर्ट।

Oracle Job Cuts: दिग्गज टेक कंपनी ओरेकल (Oracle) के दफ्तरों में फिर से सन्नाटा पसर गया है। कंपनी ने छंटनी का एक और दौर शुरू कर दिया है और इस बार भी तरीका वही पुराना रहा-कर्मचारियों को सुबह-सुबह ईमेल मिला कि अब कंपनी में उनकी ज़रूरत नहीं है। जिस दिन यह ईमेल आया, वही उनका दफ्तर में आखिरी दिन भी तय कर दिया गया।

Oracle Layoffs News: लिंक्डइन और रेडिट पर छलका कर्मचारियों का दर्द

सोमवार से शुरू हुए इस नए दौर ने कई कर्मचारियों को अनिश्चितता में डाल दिया है। प्रभावित लोगों ने अपनी नौकरी जाने की खबर लिंक्डइन, रेडिट और ब्लाइंड जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर की। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के अंदरूनी नोटिफिकेशन और प्रभावित लोगों से बात करने पर साफ हुआ है कि बड़े रीस्ट्रक्चरिंग प्लान के तहत यह कदम उठाया गया है। हालांकि, इस बार कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है।

Oracle AI Expansion: AI पर भारी खर्च और डेटा सेंटर का विस्तार

हैरानी की बात यह है कि यह छंटनी ऐसे वक्त में हो रही है जब ओरेकल का एआई (AI) बिजनेस पंख फैला रहा है। कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड सेवाओं की मांग पूरी करने के लिए तेजी से डेटा सेंटर्स का विस्तार कर रही है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का कैपिटल एक्सपेंडिचर बढ़कर 28.5 अरब डॉलर पहुंच गया, जो पिछले साल के मुकाबले तीन गुना से भी ज्यादा है। ओरेकल ने 30 अरब डॉलर से ज्यादा के नए AI क्लाउड कॉन्ट्रैक्ट भी हासिल किए हैं, लेकिन इस भारी विस्तार के कारण कंपनी पर वित्तीय दबाव भी बढ़ा है।

Tech Industry Layoffs: पहले ही खत्म हो चुकी हैं 21,000 नौकरियां

यह कोई पहला मौका नहीं है जब ओरेकल ने कर्मचारियों की छुट्टी की हो। मई 2026 में खत्म हुए वित्त वर्ष के दौरान कंपनी अपने ग्लोबल वर्कफोर्स से लगभग 21,000 कर्मचारियों (यानी करीब 13 फीसदी वर्कफोर्स) को पहले ही बाहर का रास्ता दिखा चुकी है। कंपनी का कुल वर्कफोर्स 1,62,000 से घटकर 1,41,000 पर आ गया था।

Oracle Restructuring Cost: अरबों डॉलर का रीस्ट्रक्चरिंग प्लान, फिर छंटनी क्यों?

कंपनी का मानना है कि ऑपरेशन्स में AI टूल्स को अपनाने के कारण कई रोल्स की ज़रूरत नहीं रह गई है। पिछले हफ्ते ही ओरेकल ने अपने रीस्ट्रक्चरिंग बजट में $700 मिलियन और जोड़ने का ऐलान किया था, जिससे इस प्लान का कुल खर्च $2.8 बिलियन तक पहुंच गया। साफ है कि कंपनी एक तरफ AI पर बड़ा दांव लगा रही है और दूसरी तरफ पेरोल खर्च कम करने के लिए नौकरियां खत्म कर रही है।