'ऑपरेशन सिंदूर' डॉक्यूमेंट्री के अनुसार, 2025 में पाकिस्तान के हमले के जवाब में भारत ने ब्रह्मोस मिसाइलों से जवाबी कार्रवाई की। भारी नुकसान के बाद, पाकिस्तानी सेना ने भारत से हमला रोककर युद्धविराम की गुहार लगाई।

नई दिल्ली: 'अगर आपने हमारी तरफ इतने ब्रह्मोस मिसाइल दागकर तसल्ली कर ली है, तो प्लीज अब हमला रोक दीजिए।' ये शब्द पाकिस्तान के एक बड़े सैन्य अधिकारी के थे, जो भारत के सामने गिड़गिड़ा रहे थे। ये सनसनीखेज खुलासा स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज हुई एक डॉक्यूमेंट्री से हुआ है, जिसमें 'ऑपरेशन सिंदूर' की कहानी बताई गई है।

भारत का सबसे ताकतवर हथियार 'ब्रह्मोस'

डॉक्यूमेंट्री 'डिस्क्लासिफाइड: ऑपरेशन सिंदूर' के मुताबिक, 7 से 10 मई, 2025 के बीच करीब 71 घंटे तक पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ यह ऑपरेशन चला था। फिल्म बताती है कि 10 मई की रात 1:30 बजे पाकिस्तान की तरफ से दिल्ली को निशाना बनाकर भारी संख्या में मिसाइल, ड्रोन और रॉकेट दागे गए थे। इन सभी को भारतीय सेना ने हरियाणा के सिरसा में ही हवा में नष्ट कर दिया था। इस हमले के जवाब में भारतीय वायुसेना ने अपने तरकश का सबसे ताकतवर तीर यानी ब्रह्मोस मिसाइल को बाहर निकाला।

'प्लीज हमला रोकिए और सीजफायर मान जाइए'

भारत ने ब्रह्मोस मिसाइलों का इस्तेमाल करके पाकिस्तान के एयरबेस और दूसरे अहम सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए। इन हमलों से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद, पाकिस्तान ने अमेरिका के जरिए युद्ध रोकने की गुहार लगाई। लेकिन भारत ने किसी तीसरे देश की दखलअंदाजी को साफ खारिज कर दिया। इसके बाद पाकिस्तानी DGMO की तरफ से हॉटलाइन पर लगातार फोन आने लगे। दोपहर 3:30 बजे, मेजर जनरल काशिफ अब्दुल्ला ने फोन पर कहा, 'आपने ब्रह्मोस का इस्तेमाल करके हमें बहुत नुकसान पहुंचाया है। अगर इससे आपकी तसल्ली हो गई हो, तो प्लीज हमला रोकिए और सीजफायर के लिए मान जाइए।' आखिर में, शाम 5:30 बजे युद्धविराम की घोषणा हुई।