Patna Blind Murder Case: पटना के परसा बाजार में एक साल पहले मिले युवक की हत्या का राज आखिर खुल गया। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड को अश्लील फोटो और वीडियो से ब्लैकमेल कर रहा था। तंग आकर युवती ने देवर और साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच दी।

पटना: कभी-कभी एक पुराना रिश्ता ऐसा मोड़ ले लेता है कि उसका अंत बेहद खौफनाक हो जाता है। बिहार की राजधानी पटना में भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक साल पहले मिली एक युवक की लाश का रहस्य अब जाकर खुला है। पुलिस जांच में पता चला कि यह हत्या किसी लूट या दुश्मनी की वजह से नहीं, बल्कि एक पुराने प्रेम संबंध और ब्लैकमेलिंग के कारण हुई थी। पटना पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

एक साल पहले मिली थी गला रेती हुई लाश

पटना के परसा बाजार थाना इलाके में 18 मार्च 2025 को एक युवक की लाश मिली थी। युवक का गला धारदार हथियार से रेता गया था और शरीर पर कई चोटों के निशान थे। उस समय पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि मृतक की पहचान तक नहीं हो पा रही थी। पहचान न होने की वजह से यह मामला एक तरह से ‘ब्लाइंड मर्डर’ बन गया था। पुलिस ने अज्ञात शव का केस दर्ज कर जांच शुरू की और धीरे-धीरे तकनीकी सबूतों की मदद से सुराग जुटाने लगे।

जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। इसी दौरान कई संदिग्ध फोन कॉल सामने आए, जिनसे पुलिस को इस केस की कड़ियां जोड़ने में मदद मिली। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि मृतक युवक की पहचान जहानाबाद के रहने वाले महादेव शाह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने जिन लोगों से महादेव की आखिरी बार बातचीत हुई थी, उन्हें जांच के दायरे में लिया। इसी कड़ी में पुलिस ने महादेव की पुरानी गर्लफ्रेंड पुष्पा देवी, उसके देवर आलोक कुमार और एक ऑटो ड्राइवर सनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें: Moradabad Horror: प्यार, शक और गुस्सा… फिर 40 वार, मुरादाबाद की दिल दहला देने वाली कहानी

शादी के बाद भी पीछा नहीं छोड़ रहा था प्रेमी

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी पुष्पा देवी ने जो कहानी बताई, उसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। पुष्पा की शादी साल 2022 में अभिमन्यु पासवान से हुई थी। शादी से पहले उसका महादेव शाह से प्रेम संबंध था। लेकिन शादी के बाद वह अपनी नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी। पुलिस के मुताबिक, महादेव इस रिश्ते को खत्म करने को तैयार नहीं था। वह पुष्पा की निजी फोटो और वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल करता था। इतना ही नहीं, वह उस पर दोबारा शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी डाल रहा था। इस वजह से पुष्पा की शादीशुदा जिंदगी में तनाव बढ़ता जा रहा था और वह मानसिक दबाव में रहने लगी थी।

देवर के साथ मिलकर बनाया खौफनाक प्लान

लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पुष्पा ने यह बात अपने देवर आलोक कुमार को बताई। इसके बाद दोनों ने मिलकर महादेव को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2025 को पुष्पा ने महादेव को मिलने के बहाने बुलाया। योजना के मुताबिक वहां पहले से घात लगाए बैठे आलोक कुमार, उसके एक साथी और ऑटो चालक सनी कुमार ने महादेव को पकड़ लिया। इसके बाद उसे एक सुनसान जगह ले जाया गया, जहां धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस से बचने के लिए बदल ली पहचान

हत्या के बाद आरोपियों ने खुद को शक से बचाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए। आरोपी आलोक कुमार ने अपने गांव की मेडिकल दुकान बंद कर दी और पटना आकर रहने लगा। बताया जा रहा है कि वह यहां दरोगा भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था, ताकि लोगों को उस पर शक न हो। दूसरा आरोपी भी पटना के महेंद्रू इलाके में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने लगा।

पुलिस पहुंची तो छत से कूदकर भागने की कोशिश

जब पुलिस तकनीकी सबूतों के आधार पर महेंद्रू स्थित हॉस्टल में आलोक कुमार को पकड़ने पहुंची, तो उसने भागने की कोशिश की। घबराहट में वह हॉस्टल की छत से कूद गया। इस दौरान उसका पैर टूट गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वहां से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनमें मृतक महादेव का टूटा हुआ मोबाइल भी शामिल है।

यह भी पढ़ें: 4 दिन की शादी, 5वें दिन ‘ऑपरेशन क्लीन’! झांसी में दुल्हन ने कर दिया बड़ा खेल