PM Modi Independence Day Speech 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विपक्ष पर परोक्ष रूप से निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी और पश्चिम एशिया संकट जैसे मुश्किल समय में कुछ लोगों ने डर और फेक न्यूज़ फैलाने का काम किया.

Independence Day 2026: PM मोदी का विपक्ष पर निशाना, बोले- संकट के समय डर और फेक न्यूज फैलाने में कुछ लोगों को मजा आता था

PM Modi Independence Day Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से देश को संबोधित करते हुए कोरोना महामारी और पश्चिम एशिया संकट का जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि संकट के समय कुछ लोग देश में डर और भ्रम फैलाने में आनंद लेते थे।

लाल किले पर फहराया तिरंगा

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली के लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराया। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ 1721 फील्ड बैटरी के गनर्स ने 21 तोपों की सलामी दी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित किया और बीते वर्षों में भारत के सामने आई बड़ी चुनौतियों का उल्लेख किया।

कोरोना महामारी का किया जिक्र

अपने भाषण में पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया था। महामारी के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था से लेकर आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों तक कई व्यवस्थाएं प्रभावित हुई थीं। भारत ने भी इस मुश्किल दौर का सामना किया, लेकिन धीरे-धीरे देश इससे बाहर निकलने में सफल रहा।

पश्चिम एशिया संकट के दौरान भी बढ़ा तनाव

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना संकट के बाद दुनिया को युद्धों और संघर्षों से पैदा हुई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। यूक्रेन और पश्चिम एशिया में युद्ध की खबरों के बीच वैश्विक स्तर पर तनाव का माहौल बना रहा। इन परिस्थितियों का असर ऊर्जा और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति को लेकर भी चिंता के रूप में सामने आया।

‘कुछ लोग देश को डराने में लगे रहे’

पीएम मोदी ने कहा कि संकट के दौरान कुछ लोग अफवाहें और फेक न्यूज फैलाकर जनता में डर पैदा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना के समय वैक्सीन उपलब्ध न होने और लोगों के बचने को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई गईं। इसी तरह पश्चिम एशिया संकट के दौरान पेट्रोल, डीजल, गैस और खाद की कमी को लेकर भी डर फैलाने की कोशिश हुई।

अफवाहों से लोगों में डर पैदा करने का आरोप

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह की अफवाहों के जरिए लोगों को लगातार भय और चिंता में रखने का प्रयास किया गया। हालांकि, उनके मुताबिक भारत ने इन चुनौतियों का सामना तैयारी और योजनाबद्ध तरीके से किया और संकट के बावजूद जरूरी व्यवस्थाओं को बनाए रखने में सफलता हासिल की।

पिछले 10-12 साल की तैयारियों का दिया हवाला

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 से 12 वर्षों में की गई योजनाबद्ध तैयारियों का फायदा देश को बड़े संकटों के दौरान मिला। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी तैयारियों के आधार पर एक-एक कदम आगे बढ़ाया और कठिन वैश्विक परिस्थितियों के बीच भी अपनी क्षमताओं को मजबूत किया।

‘मुझे Gen-Z पर भरोसा’

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में युवा पीढ़ी को लेकर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें देश की Gen-Z पर पूरा विश्वास है। प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय आया है जब भारत तेजी से तकनीक, नवाचार और डिजिटल बदलाव के दौर से गुजर रहा है।