PM Modi Aarti Viral Video: दिल्ली के Press Club of India में PM मोदी की तस्वीर के सामने आरती और ‘जय जय मोदी’ के नारे क्यों लगे? वायरल वीडियो के बाद क्लब ने क्या सफाई दी, जानिए पूरा मामला और देखें वायरल वीडियो।

Jai Jai Modi Har Har Modi: दिल्ली के Press Club of India परिसर में गुरुवार को एक ऐसा कार्यक्रम सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस छेड़ दी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के सामने आरती की गई और उनके समर्थन में नारे लगाए गए। वायरल वीडियो में मंच पर एक पोस्टर नजर आया, जिसमें पीएम मोदी को धनुष थामे हुए दिखाया गया था। इसी के सामने प्रतिभागी पूजा करते और “जय जय मोदी, हर हर मोदी” के नारे लगाते दिखाई दिए।

पोस्टर पर लिखा था 'भगवान श्री नरेंद्र मोदी चालीसा'

कार्यक्रम स्थल पर लगे बैनर ने भी लोगों का ध्यान खींचा। उस पर “भगवान श्री नरेंद्र मोदी चालीसा” लिखा हुआ था। सामने आए वीडियो में कार्यक्रम का धार्मिक स्वरूप साफ दिखाई देता है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इस आयोजन के पीछे कौन लोग या कौन-सा संगठन था, इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी। इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि Press Club of India ने खुद को आयोजन से अलग कर लिया है। नीचे देखें वायरल वीडियो-

Scroll to load tweet…

Press Club ने कहा- प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए बुक हुआ था हॉल

Press Club of India ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सफाई देते हुए कहा कि क्लब ने इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया था। क्लब के मुताबिक, उसकी परिसर स्थित जगह एक संगठन को प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए किराये पर दी गई थी। क्लब ने बताया कि आयोजन के दौरान किराये से जुड़ी शर्तों का उल्लंघन किया गया। इसकी जानकारी मिलते ही क्लब प्रबंधन ने हस्तक्षेप किया और कार्यक्रम को रोक दिया। यानी जिस परिसर का इस्तेमाल प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए होना था, वहां गतिविधि तय शर्तों के मुताबिक नहीं हुई।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी चर्चा

कार्यक्रम के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। एक तरफ पीएम मोदी की तस्वीर के सामने आरती और धार्मिक नारे चर्चा का केंद्र बने, वहीं दूसरी ओर Press Club की सफाई ने मामले को नया संदर्भ दे दिया। दिलचस्प बात यह भी है कि कुछ महीने पहले कांग्रेस से जुड़ा एक अलग मामला सामने आया था। जून में वाराणसी में यूथ कांग्रेस के सदस्यों का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें राहुल गांधी के पोस्टर पर दुग्धाभिषेक किया गया था। यह कार्यक्रम राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन के मौके पर आयोजित किया गया था।

राहुल गांधी के पोस्टर को लेकर BJP ने साधा था निशाना

उस पोस्टर में राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दिखाया गया था। BJP ने इस पर कांग्रेस की आलोचना की थी। पार्टी नेता अमित मालवीय ने इसे हिंदू आस्था और परंपरा का अपमान बताया था। अब Press Club परिसर में सामने आए इस नए घटनाक्रम ने एक बार फिर राजनीतिक नेताओं की धार्मिक प्रतीकों और अनुष्ठानों के जरिए की जा रही सार्वजनिक प्रस्तुति पर बहस को सामने ला दिया है। हालांकि, मौजूदा मामले में आयोजनकर्ताओं की पहचान और कार्यक्रम के पीछे की मंशा की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।