Mansa Anti Drug Activist :मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में किसान और मजदूर संगठनों ने गुरुवार को पंजाब बंद बुलाया। इसे देखते हुए अमृतसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

अमृतसर (पंजाब): मानसा जिले में नशा विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में गुरुवार को पंजाब बंद का असर दिखा। जलंधर से लेकर लुधियाना तक स्कूल और बाजार पूरी तरह बंद रहे। किसान और मजदूर संगठनों के इस बंद को देखते हुए अमृतसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

अमृतसर के डीसीपी (सिटी) जसकरन सिंह तेजा ने एएनआई को बताया कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है और हालात पूरी तरह शांतिपूर्ण हैं। उन्होंने साफ कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या जबरन दुकानें बंद कराने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
डीसीपी तेजा ने कहा, "हमने पर्याप्त फोर्स लगा रखी है। सब कुछ शांति से चल रहा है। हम किसी को भी कानून से खिलवाड़ नहीं करने देंगे। अगर कोई अपनी मर्जी से दुकान बंद करता है, तो कर सकता है। लेकिन किसी के साथ जोर-जबरदस्ती नहीं होगी।"



बठिंडा-मानसा रोड किया जाम

  • बंद की वजह बताते हुए डीसीपी ने कहा कि मानसा में एक्टिविस्ट की हत्या के विरोध में यह कॉल दी गई है। पुलिस इसलिए तैनात है ताकि आम लोगों के काम में कोई रुकावट न आए और जबरन बाजार बंद न कराए जाएं। तेजा ने आगे कहा, "जो लोग अपनी मर्जी से दुकानें या बाजार बंद रखना चाहते हैं, वो रख सकते हैं। बाकी सब सामान्य रहेगा। हमने जरूरत के हिसाब से फोर्स तैनात कर दी है।"
  • इस बीच, पंजाब बंद के समर्थन में स्थानीय लोगों ने भैणी बाघा गांव के पास बठिंडा-मानसा रोड को जाम कर दिया।
    किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के एक नेता ने बताया कि किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब समेत कई किसान और मजदूर संगठनों ने मिलकर इस राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है।

पंजाबियों का आज पूरा कारोबार हुआ ठप

  • नेता ने कहा, "आज पंजाब बंद की कॉल है। KMM और किसान मजदूर संघर्ष कमेटी की सभी यूनियनों ने मिलकर पंजाबियों से बंद की अपील की है।" उन्होंने दावा किया कि सड़कों पर ट्रैफिक बहुत कम है और ज्यादातर दुकानें व कारोबार बंद हैं।
    इसके साथ ही उन्होंने भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के खिलाफ आगे भी प्रदर्शन करने का ऐलान किया। उन्होंने सरकार पर राज्य में नशे के कारोबार को रोक पाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
  • नेता ने कहा, "इस बंद को और सफल बनाने के लिए हम भगवंत मान सरकार के पुतले फूंकेंगे। अलग-अलग जगहों पर उनका डोप टेस्ट करके हम उनके सामने सच्चाई लाएंगे।

  • राज्य सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति पर सवाल उठाते हुए नेता ने कहा, “भगवंत मान जी पूरे राज्य से कह रहे हैं कि नशे के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस नीति है। यह राज्य के साथ धोखा है। पंजाब में सबसे ज्यादा नशा भगवंत मान सरकार के राज में ही बिक रहा है।” उन्होंने झोटा की हत्या पर सरकार के रवैये की भी आलोचना की। उन्होंने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि यह हत्या किसी आपसी रंजिश का नतीजा है।