बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना का 10 सर्कुलर रोड वाला सरकारी बंगला खाली करने से साफ इनकार कर दिया है। बिहार सरकार ने उन्हें बंगला खाली करने का नोटिस भेजा था, क्योंकि यह अब मंत्री नंद किशोर राम को अलॉट हो गया है। राबड़ी ने कहा कि सरकार चाहे तो बंगला खाली कराने के लिए फोर्स बुला सकती है, लेकिन वो घर नहीं छोड़ेंगी।

पटना. बिहार की राजनीति में अचानक तनाव बढ़ गया हौ। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के ऐलान से तो सत्ता पक्ष भी तनाव में आ गया है। दरअसल, शनिवार को राबड़ी ने साफ कह दिया कि वो पटना का 10 सर्कुलर रोड वाला अपना सरकारी आवास खाली नहीं करेंगी। बिहार सरकार ने एक दिन पहले ही उन्हें बंगला खाली करने का नोटिस भेजा था। पत्रकारों से बात करते हुए राबड़ी देवी ने जोर देकर कहा कि सरकार के निर्देश के बावजूद वह इसी आवास में रहेंगी। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वे जगह खाली कराने के लिए फोर्स बुला सकते हैं, लेकिन मैं यह जगह खाली नहीं करूंगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राबड़ी देवी का बगंला किसको हुआ अलॉट

  • यह मामला तब गरमाया जब बिहार सरकार ने शुक्रवार को RJD नेता को 10 सर्कुलर रोड वाला सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस थमा दिया। यह बंगला अब बिहार के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को अलॉट कर दिया गया है।
  • सरकारी चिट्ठी के मुताबिक, बिहार विधान परिषद में विपक्ष की नेता के तौर पर राबड़ी देवी को पहले ही एक दूसरा सरकारी आवास अलॉट किया जा चुका है। लेकिन नोटिस में कहा गया है कि उन्होंने अब तक 10 सर्कुलर रोड वाला आवास खाली नहीं किया है।
  • नोटिस में बताया गया है कि नवंबर 2005 में जारी एक विभागीय आदेश के जरिए राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड पर दूसरी मंजिल का एक घर अलॉट किया गया था। इसमें आगे कहा गया है कि 10 सर्कुलर रोड वाला बंगला अब मंत्री नंद किशोर राम को एक विभागीय अधिसूचना के तहत दे दिया गया है।
  • सरकार ने राबड़ी देवी से सर्कुलर रोड वाला आवास तुरंत खाली करने और विधान परिषद में विपक्ष की नेता के तौर पर उनके लिए आरक्षित आवास में शिफ्ट होने का अनुरोध किया है।

बिहार सरकार के नोटिस में क्या लिखा?

  • नोटिस में लिखा है, "यह बताया जाता है कि विभागीय कार्यालय आदेश संख्या 122, दिनांक 25.11.2025 के माध्यम से, क्वार्टर नंबर-39, हार्डिंग रोड, पटना, बिहार विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष के लिए निर्धारित किया गया था और राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद को आवंटित किया गया था। हालांकि, क्वार्टर नंबर-10, सर्कुलर रोड, पटना, जो पहले माननीय नेता के कब्जे में था, अभी तक खाली नहीं किया गया है। कृपया सूचित हों, क्वार्टर नंबर-10, सर्कुलर रोड, पटना अब नंदकिशोर राम, मंत्री, डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन विभाग को आवंटित कर दिया गया है।"
  • 10 सर्कुलर रोड का यह बंगला लंबे समय से RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़ा रहा है। जब राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री थीं, तब वह इसी आवास से काम करती थीं। यह बंगला राष्ट्रीय जनता दल के लिए एक अहम राजनीतिक पता रहा है। (ANI)