राहुल गांधी ने भाई दूज पर कारीगरों और उनके परिवारों से मुलाकात की। बच्चों से दोस्ताना बातचीत में उन्होंने सफेद कपड़े पहनने की वजह बताई। लोगों ने इसे गैर-राजनीतिक और सहज अनुभव बताया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाई दूज के मौके पर दिल्ली के इंदिरा भवन में मेहनतकश पेशेवरों, कारीगरों और उनके परिवारों के साथ खास मुलाकात की। इस दौरान कई मेहमान अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचे। मुलाकात के बाद लोगों ने राहुल गांधी के साथ अपने अनुभव साझा किए। गाजियाबाद से आईं डॉली शर्मा ने बताया कि राहुल गांधी ने उनके बच्चों से भी प्यार से बात की। उनके बेटे ने फुटबॉल से जुड़ी चिंता रखी, जिस पर राहुल ने ध्यान दिया। वहीं, उनकी भतीजी ने राहुल से पूछा कि वे हमेशा सफेद कपड़े क्यों पहनते हैं। डॉली के मुताबिक, राहुल ने जवाब दिया कि वे अपनी जिंदगी में ज्यादा उलझनें नहीं रखते। एक महिला ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की इच्छा भी जताई। कुछ मेहमानों ने बताया कि मुलाकात पूरी तरह दोस्ताना रही और इसमें कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।

YouTube video player