राहुल गांधी ने कैम्ब्रिज में गर्लफ्रेंड के साथ वर्सिटी रेस्तरां जाने का किस्सा सुनाया। सोनिया गांधी ने राहुल की पढ़ाई और सुरक्षा से जुड़े राज खोले।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दौरान वह अपनी तत्कालीन गर्लफ्रेंड के साथ एक ऐसे रेस्तरां में गए थे, जहां उनके माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे। राहुल ने यह भी बताया कि उनकी वह गर्लफ्रेंड अब उनकी दोस्त हैं। उन्होंने यह किस्सा अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के लॉन्चिंग कार्यक्रम में सुनाया।

गर्लफ्रेंड के साथ वर्सिटी रेस्तरां पहुंचे थे राहुल गांधी

  • राहुल गांधी ने बताया कि उनके माता-पिता के कैम्ब्रिज में पढ़ाई के दिनों से जुड़े कई किस्से मशहूर थे। इनमें एक कहानी वर्सिटी रेस्तरां की भी थी, जहां राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे।
  • राहुल ने बताया कि जब वह कैम्ब्रिज में पढ़ाई कर रहे थे, तब उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से इस रेस्तरां में चलने के लिए कहा। वह उस जगह को देखना चाहते थे, जहां उनके माता-पिता की पहली मुलाकात हुई थी।
  • उन्होंने बताया, "मेरे माता-पिता के बारे में कई किस्से मशहूर थे। इनमें से एक बड़ी कहानी यह थी कि वे वर्सिटी रेस्तरां में मिले थे। कई साल बाद, जब मैं कैम्ब्रिज में था, तो मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा कि चलो वर्सिटी रेस्तरां चलते हैं। मैं देखना चाहता था कि मेरे माता-पिता कहां मिले थे।"

कर्मचारी ने तुरंत पहचान लिया राजीव और सोनिया गांधी को

  • राहुल गांधी ने बताया कि रेस्तरां पहुंचने के बाद उन्होंने वहां के कर्मचारी को बताया कि उनके माता-पिता इसी जगह मिले थे। यह सुनकर कर्मचारी ने कहा कि वह दोनों को जानता है।
  • राहुल ने बताया, “मैं वहां बैठ गया। कर्मचारी ने मेन्यू दिया, तो मैंने कहा कि मेरे माता-पिता इसी रेस्तरां में मिले थे। उसने मेरी तरफ देखा और कहा कि ओह, मैं उन्हें जानता हूं। मैंने पूछा कि आप उनके बारे में क्या जानते हैं? उसने कहा कि अच्छा, वे दोनों। मुझे अच्छी तरह पता है कि आप किनकी बात कर रहे हैं।”
  • कार्यक्रम में जब राहुल से उस गर्लफ्रेंड के बारे में पूछा गया, जिसका उन्होंने अपने किस्से में जिक्र किया था, तो उन्होंने जवाब दिया, "वह अब एक दोस्त हैं।"

सोनिया गांधी ने 4 बार दी कैंसर को मात

  • राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की सेहत से जुड़ी चुनौतियों के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी चार बार कैंसर को मात दे चुकी हैं। राहुल ने कहा कि उनकी मां ने कभी मुश्किलों से डरकर हार नहीं मानी।
  • उन्होंने कहा, "मैंने अपनी जिंदगी में उन्हें कभी डरते हुए नहीं देखा। कभी भी पीछे हटते हुए नहीं देखा।" राहुल ने यह भी कहा कि उनके माता-पिता लोगों से बहुत प्यार करते थे और उन्हें उन पर बेहद गर्व था। इस कार्यक्रम में प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं।

राजीव गांधी की हत्या के बाद बदलना पड़ा राहुल का कॉलेज

  • सोनिया गांधी ने बताया कि 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद परिवार के लिए मुश्किल दौर शुरू हो गया था। सुरक्षा कारणों से राहुल गांधी को हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से हटाकर अमेरिका के एक दूसरे कॉलेज में भेजना पड़ा था।
  • सोनिया गांधी के मुताबिक, राहुल ने हार्वर्ड में सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया था, क्योंकि इससे दूसरे लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

दूसरे कॉलेज में नकली नाम से रहते थे राहुल गांधी

  • सोनिया गांधी ने बताया कि भारत और अमेरिका की सुरक्षा टीमों ने मिलकर राहुल के लिए दूसरे कॉलेज में पढ़ाई की व्यवस्था की। वहां ज्यादातर अमेरिकी छात्र थे और राहुल को अपनी असली पहचान छिपाकर एक अलग नाम से रहना पड़ा था।
  • उन्होंने कहा कि किसी को भी राहुल का असली नाम पता नहीं चलना चाहिए था। इस वजह से उनके लिए दूसरे छात्रों से बातचीत करना और दोस्तों के साथ समय बिताना मुश्किल रहा होगा। वह किसी से अपने परिवार के बारे में भी खुलकर बात नहीं कर सकते थे।