Rahul Gandhi Satyagraha: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 'सत्याग्रह' नाम का एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसके जरिए देश भर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को एक नक्शे पर लाया जाएगा। राहुल ने लोगों से अपनी लड़ाई की कहानी शेयर करने की अपील की है।

Satyagraha Platform: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार, 3 अक्टूबर को ‘सत्याग्रह’ नाम से एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इस मंच के जरिए देशभर में अपने अधिकारों या किसी मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहे लोग अपनी कहानी साझा कर सकेंगे। प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग आंदोलनों को एक इंटरैक्टिव नक्शे के जरिए देखने और उनसे जुड़ने की सुविधा भी दी गई है।

‘सत्याग्रह’ पर दो मिनट में साझा कर सकेंगे अपनी कहानी

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच X पर प्लेटफॉर्म की जानकारी साझा करते हुए लोगों से अपील की कि अगर वे किसी अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं तो अपनी कहानी ‘सत्याग्रह’ पर दर्ज करें। उनके मुताबिक, प्रदर्शनकारी अपने मुद्दे, संगठन और आंदोलन से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं।

प्लेटफॉर्म का उद्देश्य अलग-अलग जगहों पर चल रहे संघर्षों को एक जगह पर दिखाना है, ताकि समान मुद्दों से जुड़े लोग एक-दूसरे को खोज सकें और जरूरत पड़ने पर समर्थन मांग सकें।

देशभर के आंदोलनों को एक नक्शे पर लाने की कोशिश

राहुल गांधी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में Gen Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं समेत कई समूह अपने मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना है कि कई बार ये आवाजें अलग-अलग होने के कारण व्यापक स्तर पर सामने नहीं आ पातीं।

‘सत्याग्रह’ पहल के जरिए ऐसे आंदोलनों को एक साझा डिजिटल नक्शे पर लाने की कोशिश की गई है। इससे उपयोगकर्ता अपने जैसे मुद्दों से जुड़े दूसरे संघर्षों की जानकारी हासिल कर सकेंगे।

संसद से सड़क तक मदद का दिया भरोसा

राहुल गांधी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के तौर पर वह इन मुद्दों को संसद में उठाने, सड़कों पर साथ खड़े होने और संबंधित मामलों में पत्र लिखने जैसी मदद करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याएं और संघर्ष इस मंच के जरिए साझा करने को कहा।

उन्होंने महात्मा गांधी के सत्याग्रह के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्य के साथ खड़ा होना महत्वपूर्ण है और एकजुट होकर खड़ा होना इसे और ताकत देता है।

महंगाई से महिलाओं की सुरक्षा तक मुद्दों पर फोकस

वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में छात्रों, महिलाओं और किसानों समेत कई वर्गों से जुड़े मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘सत्याग्रह’ वेबसाइट का उद्देश्य इन आंदोलनों की जानकारी को एक जगह इकट्ठा करना है।

उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से अपना नाम, समूह का नाम और प्रदर्शन का मुद्दा दर्ज करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर लोग इस मंच के जरिए समर्थन की मांग भी कर सकते हैं।