राहुल गांधी ने कांग्रेस सम्मेलन में पीएम मोदी की विदेश नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को झप्पी देते हुए मजाकिया अंदाज में पीएम मोदी पर तंज कसा। राहुल ने ईरान, पाकिस्तान, चीन और भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर भी सरकार की आलोचना की।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार 13 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि विदेश नीति केवल विदेशी नेताओं को गले लगाने तक सीमित नहीं हो सकती। राहुल गांधी ने यह टिप्पणी 'रचनात्मक कांग्रेस' के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए की।

पीएम मोदी की विदेश नीति पर क्या बोले राहुल गांधी?

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि विदेश नीति को केवल विदेशी नेताओं को गले लगाने से क्यों जोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में अलग-अलग तरह के विचार आते हैं, लेकिन विदेश नीति का दायरा इससे कहीं बड़ा होता है।

संदीप दीक्षित के साथ मंच मिल मंच पर उड़ाया मजाक

अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को जोर से गले लगाया। इस पर संदीप दीक्षित ने मजाकिया अंदाज में कहा, "कहीं आप मुझे मेलोनी समझकर तो गले नहीं लगा रहे थे?" इस पर राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "मैं अभी उस स्तर तक नहीं पहुंचा हूं।" उनके इस जवाब पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े। इसके बाद राहुल गांधी ने दोबारा कहा कि विदेश नीति का मतलब केवल विदेशी नेताओं को गले लगाना नहीं होता।

Scroll to load tweet…

ईरान युद्ध और पाकिस्तान की भूमिका पर उठाए सवाल

राहुल गांधी ने ईरान में हुए युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक अवसर हो सकता था। उन्होंने कहा कि भारत के ईरान, अमेरिका और रूस के साथ अच्छे संबंध रहे हैं और इनका उपयोग कर भारत बड़ी भूमिका निभा सकता था। हालांकि, उनके अनुसार ऐसा नहीं हुआ। राहुल गांधी ने दावा किया कि इस दौरान पाकिस्तान ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई, जबकि भारत कोई बड़ी भूमिका निभाने में सफल नहीं रहा।

भारत-अमेरिका संबंधों पर भी की टिप्पणी

अपने भाषण में राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत अपनी कूटनीतिक क्षमता का बेहतर उपयोग कर सकता था।

चीन और अरुणाचल को लेकर किया दावा

राहुल गांधी ने चीन से जुड़े मुद्दे पर भी सरकार की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय के भीतर से जानकारी मिल रही है कि अरुणाचल प्रदेश के कुछ पेट्रोलिंग क्षेत्रों में चीन ने भारतीय गश्त पर रोक लगा दी है। राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले को लेकर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

पश्चिम एशिया संकट पर भी सरकार को घेरा

राहुल गांधी ने कहा कि वह पहले भी पश्चिम एशिया संकट को लेकर केंद्र सरकार के रुख की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने विशेष रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों और पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर भारत सरकार की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए और कहा कि इस मामले में सरकार का रुख संतोषजनक नहीं रहा।