राज ठाकरे ने सिद्धिविनायक मंदिर में करोड़ों की चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चोर पकड़े जाने पर आय सालाना 18 करोड़ बढ़ी। ठाकरे ने PM मोदी की तारीफ करने वाले अभिनेताओं के दुबई में बसने पर भी सवाल उठाए।
मुंबई: MNS नेता राज ठाकरे ने मुंबई के मशहूर सिद्धिविनायक मंदिर को लेकर एक गंभीर आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मंदिर में बड़े पैमाने पर पैसों की लूट हो रही है। राज ठाकरे ने कहा, 'मंदिर के दानपात्र से कर्मचारी पैसे चुरा रहे थे। जब ये लूट सामने नहीं आई थी, तब मंदिर में हफ्ते में 50 लाख रुपये का चढ़ावा आता था। लेकिन जब चोर पकड़े गए, तो यह रकम बढ़कर 1.5 करोड़ रुपये हो गई। इसका मतलब है कि मंदिर में हर साल 18 करोड़ रुपये की चोरी हो रही थी।'
इस बीच, उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना नेता संजय राउत ने राज ठाकरे के बयान का समर्थन किया है। राउत ने कहा कि जब से मंदिर का कंट्रोल उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाथ में आया है, तब से वहां गैर-कानूनी गतिविधियां बढ़ गई हैं।
इन आरोपों पर मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष और एकनाथ शिंदे गुट की नेता सदा सरवणकर ने भी अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया, 'चोरी के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद मंदिर की सालाना आय बढ़ी है। यह 114 करोड़ रुपये से बढ़कर 182 करोड़ रुपये हो गई है।'
मोदी का काम शानदार तो ओबेरॉय और माधवन दुबई में क्यों बसे: राज ठाकरे
MNS अध्यक्ष राज ठाकरे ने एक्टर विवेक ओबेरॉय और आर. माधवन से सवाल किया है कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज में देश में सब कुछ शानदार है, तो वे दुबई में क्यों रह रहे हैं। एक पार्टी कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा, 'मोदी की बायोपिक में उनका किरदार निभाने वाले विवेक ओबेरॉय भारत छोड़कर दुबई में हैं। मोदी की तारीफ करने वाले आर. माधवन भी दुबई में हैं। अगर आप मोदी को पसंद करते हैं, उनके विकास पर भरोसा करते हैं, तो आपने देश छोड़कर अपने परिवार के साथ दुबई में बसने का फैसला क्यों किया?'
