Rajasthan Double Murder: राजस्थान के चूरू में सरपंच चुनाव लड़ने को लेकर हुए विवाद में एक पिता ने अपने ही बेटे और बहू को बोलेरो से कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

Changoi Village Crime News: राजस्थान के चूरू जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तारानगर तहसील के चांगोई गांव में पंचायत चुनाव को लेकर हुए विवाद में एक पिता पर अपने ही बेटे और बहू को बोलेरो गाड़ी से कुचलकर मारने का आरोप है। इस घटना में 40 वर्षीय रवींद्र और उनकी 35 वर्षीय पत्नी महिंद्रा की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता रामचंद्र जाट को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।

सरपंच चुनाव लड़ने को लेकर परिवार में चल रहा था विवाद

जानकारी के मुताबिक, चांगोई गांव निवासी रामचंद्र जाट गांव में धर्मकांटा चलाता है। वह आगामी सरपंच चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन उसके बेटे रवींद्र और बहू महिंद्रा कथित तौर पर इसके विरोध में थे। इसी मुद्दे को लेकर परिवार में पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। मंगलवार रात को भी इसी बात पर पिता और बेटे के बीच तीखी बहस हुई।

धर्मकांटे पर फिर हुई कहासुनी

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 12:50 बजे विवाद के बाद रामचंद्र और रवींद्र धर्मकांटे पर पहुंचे। कुछ देर बाद महिंद्रा भी वहां पहुंच गई। इसके बाद तीनों के बीच एक बार फिर कहासुनी हुई। विवाद खत्म होने के बाद रवींद्र और महिंद्रा वहां से अपने घर लौटने लगे।

बोलेरो से कुचलने का आरोप, पति-पत्नी की मौत

आरोप है कि रवींद्र और महिंद्रा के घर लौटते समय रामचंद्र बोलेरो गाड़ी लेकर पीछे से आया और दोनों को कुचल दिया। घटना में दोनों की मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलने पर तारानगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रामचंद्र को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।

11 साल की बेटी के सिर से उठा माता-पिता का साया

इस दोहरे हत्याकांड ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। रवींद्र और महिंद्रा की 11 साल की एक बेटी है, जिसने इस घटना में अपने माता-पिता को खो दिया। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

नवंबर में होने हैं पंचायत चुनाव

यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब चूरू जिले के तारानगर क्षेत्र में पंचायत चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए 14 नवंबर को मतदान होना है, जबकि पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।