रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई 28 फरवरी के हमले में गंभीर घायल हुए थे। इसी हमले में उनके पिता की मौत हुई थी। चेहरे और पैर में चोटों के कारण वे पर्दे के पीछे से शासन कर रहे हैं, जिससे नेतृत्व पर अनिश्चितता है।
तेहरान: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उनके चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि मुज्तबा उसी हमले में घायल हुए थे, जिसमें उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई थी। अयातुल्ला अली खामेनेई 28 फरवरी को हुए इजरायल-अमेरिका के एक साझा हवाई हमले में मारे गए थे। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने रिपोर्ट दी है कि इस हमले में मुज्तबा खामेनेई के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और आशंका है कि उन्होंने अपना एक पैर भी खो दिया है।
पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मुज्तबा ने ईरान के सुप्रीम लीडर का पद संभाला था। खबर है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, मुज्तबा खामेनेई शासन से जुड़े फैसले ले रहे हैं। लेकिन, वह अब तक किसी के सामने नहीं आए हैं। वह बड़े अधिकारियों से ऑडियो कॉन्फ्रेंस और लिखित संदेशों के जरिए ही बात कर रहे हैं। ईरान ने उनकी सेहत को लेकर आधिकारिक तौर पर अब तक कोई बयान नहीं दिया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने यह खबर अमेरिकी इंटेलिजेंस रिपोर्ट्स के आधार पर जारी की है। इन रिपोर्ट्स से साफ है कि जंग के ऐसे नाजुक मौके पर ईरान के नेतृत्व को लेकर एक बड़ा कन्फ्यूजन और अनिश्चितता बनी हुई है।
