पोलैंड में रूसी राष्ट्रपति पुतिन के आलोचक, कार्टूनिस्ट रॉबर्ट कुज़ोवकोव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 44 वर्षीय रॉबर्ट को 5 गोलियां मारी गईं। इस मामले में बेलारूस के 2 नागरिकों को हिरासत में लिया गया है।

वॉरसॉ: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक बड़े आलोचक और कार्टूनिस्ट की पोलैंड में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। 44 साल के रॉबर्ट कुज़ोवकोव, जो सेम्योन स्क्रेपेट्स्की के नाम से कार्टून बनाते थे, इस हमले में मारे गए। यह घटना सोमवार सुबह बेलारूस बॉर्डर के पास पोलैंड के शहर बियाला पोडलास्का में हुई। हमलावर ने उन्हें एक कार पार्किंग में गोली मारी। यह जगह बेलारूस के कॉन्सुलेट से सिर्फ 600 मीटर दूर है। रिपोर्ट के मुताबिक, रॉबर्ट के सिर, सीने और पीठ पर पांच गोलियां मारी गईं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पोलैंड की पुलिस ने बताया कि उन्हें घटनास्थल से गोलियों के खोखे मिले हैं। इस मामले में बेलारूस के दो नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि इस हत्या में उनका सीधा हाथ है या नहीं। रॉबर्ट 2021 में रूस से भागकर पोलैंड आ गए थे, क्योंकि पुतिन सरकार उन पर लगातार दबाव बना रही थी। वह अपने कार्टून्स के जरिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, बेलारूस के शासक अलेक्जेंडर लुकाशेंको और चेचन नेता रमजान कादिरोव की राजनीतिक नीतियों का खुलकर मज़ाक उड़ाते थे। इसी वजह से वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचाने जाते थे।

कुछ दिन पहले ही रॉबर्ट ने बर्लिन में रूसी दूतावास के सामने 'रशिया डे' के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। वहां वह एक तस्वीर लेकर पहुंचे थे, जिसमें पुतिन और सोवियत संघ के पूर्व शासक जोसेफ स्टालिन का मज़ाक उड़ाया गया था। उस तस्वीर में पुतिन को एक बच्चे के रूप में दिखाया गया था जो खून से सने होठों वाले स्टालिन की गोद में खेल रहा है। उस दिन उन्होंने अपनी पैंट के पीछे रूस का झंडा बांधकर उसे सड़क पर घसीटा था। इस विरोध प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे।