Saudi Coalition Forces: सऊदी अरब के रियाद, अल खर्ज और दक्षिणी इलाकों को निशाना बनाकर हूती विद्रोहियों ने कई क्रूज मिसाइलें और ड्रोन दागे. हालांकि, सऊदी गठबंधन सेना ने इन्हें हवा में ही नष्ट कर दिया. सिविल डिफेंस के मुताबिक, मिसाइलों का मलबा गिरने से दो महिलाओं, एक पुरुष और एक बच्चे समेत चार लोग घायल हुए हैं.
Saudi Arabia Latest News: सऊदी अरब की राजधानी रियाद की तरफ आ रही दो क्रूज मिसाइलों को गठबंधन सेना ने हवा में ही मार गिराया. सिविल डिफेंस के प्रवक्ता ने बताया कि मिसाइलों का मलबा गिरने से चार लोग घायल हो गए हैं, जिनमें दो महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल है. हूती विद्रोहियों की तरफ से दागी गई इन मिसाइलों के टुकड़ों से 15 रिहायशी मकानों को भी हल्का नुकसान पहुंचा है. हालात को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए हैं.
अल खर्ज की तरफ भी दागी गई मिसाइल
अरब गठबंधन सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि रियाद के पास अल खर्ज इलाके की तरफ आ रही एक क्रूज मिसाइल को भी नष्ट कर दिया गया है. इससे पहले उन्होंने जानकारी दी थी कि मंगलवार रात रियाद और देश के दक्षिणी हिस्से को निशाना बनाकर भेजे गए छह ड्रोन और रियाद पर दागी गई चार क्रूज मिसाइलों को हवा में ही रोककर तबाह कर दिया गया.
दहरान में अरामको की इमारत पर हमला
ऊर्जा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि पूर्वी प्रांत के दहरान शहर में सऊदी अरामको कंपनी की एक प्रशासनिक इमारत पर भी मंगलवार रात हमला हुआ. इस हमले की वजह से इमारत में मामूली आग लग गई. घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जरूरी कदम उठाए. प्रवक्ता ने साफ किया है कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और न ही कोई घायल हुआ है.
