Indonesia Ship Missing: इंडोनेशिया में 243 लोगों को लेकर जा रहा एक जहाज जावा सागर में लापता हो गया है. विर्गो ट्रांसपोर्ट 8 नाम के इस जहाज से संपर्क टूट गया है. खराब मौसम को इसकी वजह माना जा रहा है और बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

243 Passengers Ship Missing: जकार्ता: इंडोनेशिया में 243 यात्रियों से भरा एक जहाज अचानक लापता हो गया है। 'विर्गो ट्रांसपोर्ट 8' नाम का यह जहाज जावा सागर में रविवार तड़के करीब 2 बजे अधिकारियों के संपर्क से बाहर हो गया। जहाज के साथ आखिर क्या हुआ, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है।

115 यात्रियों को बचाया गया, एक की मौत की पुष्टि

इंडोनेशियाई मीडिया के मुताबिक, अब तक 115 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। बाकी यात्रियों की तलाश के लिए समुद्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राहत दल आधुनिक उपकरणों की मदद से लापता लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

खराब मौसम में फंसने की मिली थी जानकारी

बचाव कार्यालय के प्रमुख आई पुडु सुदयाना के मुताबिक, जहाज के ऑपरेटरों ने अधिकारियों को बताया था कि जहाज खराब मौसम में फंस गया था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि समुद्र में खराब मौसम और मुश्किल परिस्थितियों के कारण जहाज से संपर्क टूट गया।

ईस्ट जावा से साउथ कालीमंतन जा रहा था जहाज

'विर्गो ट्रांसपोर्ट 8' ईस्ट जावा से साउथ कालीमंतन प्रांत की ओर जा रहा था। जहाज कंपनी पीटी विर्गो के अनुसार, जहाज ने शनिवार सुबह स्थानीय समयानुसार 10:13 बजे अपनी यात्रा शुरू की थी। इसके बाद रविवार तड़के जहाज से संपर्क टूट गया।

बंजरमासिन से 148 किलोमीटर दूर टूटा संपर्क

अधिकारियों के अनुसार, जहाज से संपर्क बंजरमासिन की बोट जेटी से करीब 148 किलोमीटर दूर टूट गया। इसके बाद समुद्री सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया और लापता यात्रियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया।

आधुनिक उपकरणों से जारी है तलाश

घटना की जानकारी मिलते ही एक विशेष बचाव दल को मौके पर भेजा गया। टीम आधुनिक खोज और बचाव उपकरणों के साथ समुद्री क्षेत्र में अभियान चला रही है। अधिकारी लगातार मौसम की स्थिति पर नजर रख रहे हैं और कई समुद्री सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर लापता यात्रियों की तलाश में जुटे हैं।