सोनिया गांधी की किताब के विरोध में शायना एनसी से बाल ठाकरे की तस्वीर फटने पर जमकर बवाल हुआ। उद्धव गुट ने विरोध किया, BMC में जमकर हंगामा मचा।

शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान बवाल हो गया। दरअसल, बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में किताब फाड़ी जा रही थी, तभी शाइना एनसी ने गलती से शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी। इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) और कांग्रेस ने शायना एनसी पर निशाना साधा और उन पर बालासाहेब ठाकरे का अपमान करने का आरोप लगाया।

दरअसल, शिंदे गुट की शिवसेना ने बुधवार को सोनिया गांधी की किताब के वितरण का विरोध किया था। पार्टी का आरोप है कि इस किताब में वीर सावरकर का अपमान किया गया है और इतिहास को गलत तरीके से पेश किया गया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान शायना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे समेत कई शिवसेना नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़े। उन्होंने प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखे अंशों को हटाने की मांग भी की।

सोनिया गांधी की किताब के विरोध में फाड़ी तस्वीर

  • प्रदर्शन के दौरान जब शिवसेना नेता किताब के पन्ने फाड़ रहे थे, तभी शायना एनसी से एक तस्वीर भी फट गई। इस तस्वीर में शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले को चप्पलों से मारते हुए दिखाई दे रहे थे।
  • बताया गया कि शायना एनसी को उनकी ही पार्टी के साथी संजय निरुपम ने इस गलती की ओर ध्यान दिलाया। इसके बाद उन्होंने तुरंत फटी हुई तस्वीर को दूसरे कागजों के नीचे छिपा दिया।
  • हालांकि, बाद में शिवसेना नेताओं ने दावा किया कि जिस तस्वीर को फाड़ा गया था, उसमें बाल ठाकरे नहीं, बल्कि मणिशंकर अय्यर थे। शायना एनसी ने भी बाद में सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी, न कि बाल ठाकरे की।

शायना एनसी पर भड़का उद्धव ठाकरे गुट, BMC में जमकर हुआ हंगामा

  • इस घटना के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में जमकर हंगामा हुआ। उद्धव ठाकरे गुट के पार्षदों ने शायना एनसी के खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें पार्टी से बाहर निकालने की मांग की।
  • उद्धव ठाकरे गुट की पूर्व मुंबई मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे का अपमान कोई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने शिंदे गुट की ओर से शिवसेना संस्थापक के प्रति जताए जा रहे प्रेम को दिखावटी बताया।
  • इसके अलावा, उद्धव ठाकरे गुट के पार्षदों ने BMC मुख्यालय में मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया।

शिंदे गुट का पलटवार, सोनिया गांधी की किताब को बताया 'भगवद्गीता'

  • उद्धव ठाकरे गुट के विरोध के बाद एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने भी पलटवार किया। पार्टी के समूह नेता अमे घोले ने सोनिया गांधी की किताब को लेकर उद्धव गुट पर निशाना साधा।
  • उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की किताब UBT गुट के लिए 'भगवद्गीता' बन गई है। घोले ने दोहराया कि जिस तस्वीर को फाड़ा गया था, वह मणिशंकर अय्यर की थी। उन्होंने कहा कि असल में इसी बात से उद्धव ठाकरे गुट को परेशानी हो रही है।

विवाद के बीच एकनाथ शिंदे ने शायना एनसी को बुलाया

  • तस्वीर फाड़ने को लेकर विवाद बढ़ने के बाद शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शायना एनसी को अपने पास बुलाया।
  • इस दौरान शायना ने विधानसभा में एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। वहीं, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने भी इस मामले में शिंदे गुट की आलोचना की।
  • उन्होंने कहा, "यह सिर्फ एक तस्वीर का अपमान नहीं था, बल्कि यह महाराष्ट्र के गौरव और उन लाखों शिव सैनिकों की भावनाओं का अपमान था, जो बालासाहेब के प्रति गहरा प्रेम और सम्मान रखते हैं।"

क्या है बाल ठाकरे और मणिशंकर अय्यर की तस्वीर का पूरा मामला?

  • दरअसल, जिस तस्वीर को लेकर विवाद हुआ, वह अगस्त 2004 के एक विरोध प्रदर्शन से जुड़ी है। 27 अगस्त 2004 को शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे अपने घर से बाहर निकले थे और मुंबई के शिवाजी पार्क स्थित सावरकर स्मारक के पास 'जोड़े मारो' आंदोलन शुरू किया था।
  • इस दौरान बाल ठाकरे अपने साथ चप्पल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल से प्रहार किया था। इसके बाद शिवसेना के वरिष्ठ नेता और पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल हो गए। उन्होंने पुराने जूतों और चप्पलों से पुतले को पीटा था।
  • अगस्त 2004 में यह विरोध प्रदर्शन तत्कालीन केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मणिशंकर अय्यर के खिलाफ किया गया था। दरअसल, अय्यर ने हिंदुत्व विचारक वीर सावरकर को लेकर कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसी के विरोध में बालासाहेब ठाकरे ने यह आंदोलन आयोजित किया था।
  • अब करीब दो दशक पुराने इसी घटनाक्रम की तस्वीर सोनिया गांधी की किताब के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान फटने को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।