महाराष्ट्र के चंद्रपुर में दिल दहला देने वाली घटना. बेटे ने सिर्फ इसलिए अपनी 65 साल की मां की हत्या कर दी क्योंकि उन्होंने खाने में करेले की सब्जी बनाई थी. नशे में धुत बेटे ने मां को इतना पीटा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

चंद्रपुर: एक मां ने बेटे की सेहत की चिंता करते हुए करेले की सब्जी बनाई, लेकिन उसे क्या पता था कि यही सब्जी उसकी मौत की वजह बन जाएगी. मामला महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के डोंगरगांव का है. यहां एक बेटे को करेले की सब्जी पर इतना गुस्सा आया कि उसने अपनी 65 साल की मां को पीट-पीटकर मार डाला. हैरानी की बात ये है कि मां की हत्या के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ. वो किचन में गया, अचार निकाला और उसके साथ दो पैग और लगाकर बैठ गया.

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस ने 37 साल के आरोपी जगदीश पेटकुले को गिरफ्तार कर लिया है. इस बेरहम बेटे के हमले में उसकी 65 साल की मां सुमित्रा की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि जगदीश को शराब की बहुत बुरी लत थी, जिसने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी. वो अक्सर शराब पीकर अपनी पत्नी से भी मारपीट करता था. दो महीने पहले ही उसकी पत्नी इस रोज-रोज की मारपीट से तंग आकर अपने मायके चली गई थी.

पिछले दो महीने से जगदीश अपनी मां के साथ ही रह रहा था, लेकिन उसने शराब पीना नहीं छोड़ा था. वो अक्सर नशे में घर आता और मां से झगड़ा करता था. शुक्रवार, 20 फरवरी को भी जगदीश नशे में धुत होकर घर पहुंचा और मां से खाना मांगा. मां सुमित्रा ने बिना कुछ कहे बेटे को खाना परोस दिया. लेकिन थाली में करेले की सब्जी देखकर जगदीश आग-बबूला हो गया. वो चिल्लाने लगा, "करेले की सब्जी क्यों बनाई? इसे कौन खाता है? ये कड़वी सब्जी कैसे खाऊं?" मां ने उसे शांत करने की कोशिश करते हुए कहा कि घर में कोई और सब्जी नहीं थी, इसलिए ये बना दी. लेकिन जगदीश का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच चुका था.

मां पर टूट पड़ा कातिल बेटा

जगदीश ने गुस्से में खाने की थाली फेंक दी. वो पहले से ही नशे में था. वो अपनी जगह से उठा और सीधे अपनी मां पर हमला कर दिया. उसने मां के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाए और फिर लातों से मारा. मां सुमित्रा वहीं जमीन पर गिर पड़ीं और कुछ ही मिनटों में उन्होंने दम तोड़ दिया. इसके बाद भी इस शैतान बेटे का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ. घर में करेले की सब्जी के अलावा कुछ और नहीं था, तो वो किचन में गया, अचार निकाला और बची हुई शराब के दो पैग और पी गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जगदीश को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने सुमित्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.