SIR Protest: SIR को लेकर दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन हंगामे में बदल गया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को रोका गया, कई नेता हिरासत में लिए गए। विपक्ष ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
दिल्ली में मंगलवार को चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के मुद्दे पर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन उस वक्त बेहद गरमा गया, जब INDIA ब्लॉक के सांसद संसद भवन से निर्वाचन सदन तक मार्च के लिए निकले। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात और ज्ञापन सौंपने पर अड़ा था, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद कई जगह धक्का-मुक्की और हिरासत की स्थिति बनी।
संसद से चुनाव आयोग तक निकला विपक्ष का मार्च
INDIA ब्लॉक के सांसदों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के SIR को लेकर संसद भवन से निर्वाचन सदन तक मार्च किया। विपक्षी नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने और अपनी आपत्तियां रखने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर नेताओं को आयोग के मुख्यालय तक पहुंचने से रोक दिया।
यह भी पढ़ें: Gyanesh Kumar के खिलाफ राहुल-प्रियंका का हल्लाबोल, दिल्ली में INDIA Bloc के प्रदर्शन की 15 तस्वीर
राहुल-प्रियंका आकाशवाणी परिसर में रोके गए
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मार्च में शामिल थे। दोनों को चुनाव आयोग से कुछ ही दूरी पर स्थित आकाशवाणी परिसर में रोक दिया गया। राहुल गांधी काफी देर तक आयोग तक जाने पर अड़े रहे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विपक्ष के नेता करोड़ों मतदाताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो चुनाव आयुक्त उनसे मिलने क्यों नहीं आ रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई के बीच कई नेता हिरासत में
आकाशवाणी परिसर और निर्वाचन सदन के आसपास पुलिस की भारी तैनाती रही। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा के बीच कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। दूसरी ओर, चुनाव आयोग के गेट की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भी तीखी झड़प की स्थिति बनी।
पवन खेड़ा ने सरकार पर बोला हमला
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने विपक्षी नेताओं को आयोग तक नहीं जाने देने पर सरकार और पुलिस को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग आकाशवाणी परिसर से करीब 100 मीटर की दूरी पर है, फिर भी विपक्षी नेताओं को ज्ञापन सौंपने की अनुमति नहीं दी जा रही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।
विपक्ष बोला- गिरफ्तारी नहीं, इस्तीफा चाहिए
CPI सांसद पी. संदोष कुमार ने कहा कि नेताओं को रोकना या गिरफ्तार करना समाधान नहीं है। उन्होंने आंदोलन तेज करने की बात कही और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई। उनके मुताबिक विपक्षी दल इस मुद्दे पर एकजुट हैं और BJD भी इस प्रदर्शन में उनके साथ दिखाई दी। अब देखना होगा कि SIR को लेकर बढ़ता यह राजनीतिक टकराव चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच आगे किस दिशा में जाता है।
