Raja Raghuvanshi Murder Case : राजा रघुवंशी मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। क्योंकि मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है।
नई दिल्ली: केतन अग्रवाल मर्डर की मुख्य आरोपी सिया गोयल के कारनामे से पूरा देश शॉक्ड है। फिलहाल वह तीन दिन के लिए पुलिस की रिमांड (जेल) पर है। इसी बीच मेघालय में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बड़ा मोड़ आया है। जिससे मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल, मेघालय सरकार ने सोनम को मिली ज़मानत के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी दी है। वह राजा की पत्नी है और उस पर अपने पति की हत्या की साज़िश रचने का आरोप है। मेघालय हाई कोर्ट ने सोनम की ज़मानत को बरकरार रखा था, जिसे अब सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है।

मेघालय सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता ने जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की बेंच के सामने इस मामले को रखा और शुक्रवार को तत्काल सुनवाई की मांग की। कोर्ट ने कहा कि वह इस पर विचार करेगी।
सरकार के वकील ने बढाईं सोनम रघुवंशी की मुश्किलें
- तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया, "यह वही मामला है जिसमें एक महिला अपने पति को मेघालय ले गई और तीन साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या करवा दी। फिर लाश को एक खाई में फेंक दिया गया। पहले तीन बार सोनम की ज़मानत अर्ज़ी यह कहकर खारिज की जा चुकी है कि वह फरार हो सकती है।"
- उन्होंने आगे कहा, "अब हाई कोर्ट ने यह कहते हुए ज़मानत दे दी है कि गिरफ्तारी के समय उसे गिरफ्तारी की वजहें पूरी तरह से नहीं बताई गई थीं। जबकि असल में सिर्फ एक सेक्शन लिखने में मामूली टाइपिंग की गलती हुई थी। अगर वह ज़मानत पर बाहर आ गई, तो उसके फरार होने का गंभीर खतरा है।"
- इस पर बेंच ने पूछा कि क्या हाई कोर्ट के आदेश के बाद उसे रिहा किया जाना है? मेहता ने 'हां' में जवाब देते हुए अनुरोध किया कि कम से कम उसकी ज़मानत पर कड़ी शर्तें लगाई जाएं ताकि वह भाग न सके। बेंच ने कहा कि वह शुक्रवार को तत्काल लिस्टिंग के अनुरोध पर गौर करेगी।
क्या है पूरा मामला?
- यह सनसनीखेज मामला मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी से जुड़ा है। राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून के लिए मेघालय गया था। इसी ट्रिप के दौरान दोनों लापता हो गए। बाद में 2 जून को राजा का शव सोहरा (चेरापूंजी) के पास एक खाई से बरामद हुआ। वहीं, सोनम को वाराणसी-गाज़ीपुर हाईवे पर एक ढाबे के पास से ढूंढा गया।
- मेघालय पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने सोनम और तीन अन्य आरोपियों की मौजूदगी में सोहरा में क्राइम सीन को रीक्रिएट भी किया था।
- SIT इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, जिसमें कई दस्तावेज़ी और ठोस सबूत शामिल हैं। चार्जशीट में सोनम रघुवंशी के अलावा राज कुशवाहा, विशाल सिंह चौहान, आशीष सिंह राजपूत और आनंद कुर्मी को आरोपी बनाया गया है। उन पर मामला दर्ज किया गया है।


