स्पेन के एक पुलिस कपल ने 'कपल गोल्स' की परिभाषा ही बदल दी है। इस जोड़े ने हथकड़ी पहनकर 101 किलोमीटर की दौड़ पूरी की और एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

कहते हैं जो कपल साथ मिलकर लक्ष्य हासिल करते हैं, वो हमेशा साथ रहते हैं! यह बात स्पेन के इस पुलिस कपल पर बिल्कुल सटीक बैठती है, जिन्होंने हथकड़ी पहनकर 101 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। इस अनोखे अंदाज ने उनकी दौड़ को और भी खास बना दिया। मजे-मजे में उन्होंने एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) भी अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के लिए कपल ने अपनी शारीरिक और मानसिक तैयारियों के बारे में भी बात की, जिसमें काफी कड़ी मेहनत और लगन लगी।

नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

9 नवंबर को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, जेसिका मुनोज पेरेड्स और पेलायो अल्वारेज़ रिवुएलता ने 9 मई 2026 को यह कमाल किया। उन्होंने दो लोगों की टीम के रूप में हथकड़ी पहनकर सबसे लंबी दूरी तक दौड़ने का रिकॉर्ड बनाया। बता दें कि 46 वर्षीय जेसिका एक पुलिस अधिकारी हैं, जबकि 40 वर्षीय पेलायो स्पैनिश सिविल गार्ड में काम करते हैं। दोनों को ही फिजिकल चैलेंज पसंद हैं और वो मिलकर कुछ अलग और खास करना चाहते थे। सच में, यही तो असली कपल गोल्स हैं!

कठिनाइयां और जीत

इस जोड़े ने दक्षिणी स्पेन के रोंडा में स्पेनिश सेना द्वारा आयोजित 101 किलोमीटर की रेस में हिस्सा लिया। यह रास्ता काफी पहाड़ी और मुश्किल था, जिसने उनकी इस जीत को और भी शानदार बना दिया। मुश्किल रास्तों पर दौड़ते हुए, एक-दूसरे की शारीरिक और मानसिक ताकत का ख्याल रखते हुए उन्होंने यह सफर पूरा किया।

बच्चों के लिए मिसाल

जेसिका ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को बताया, "जब हमने शुरुआत की थी, तब हम दो अलग इंसान थे, लेकिन जैसे-जैसे किलोमीटर पार किए, हम एक टीम बन गए।" कपल ने रास्ते में सेना की बैरक पार करने, ढलते सूरज को देखने और परिवार से हौसला मिलने जैसी कई बातें याद कीं। इस दौड़ को जो बात और भी खास बनाती है, वो यह है कि वे अपने बच्चों, येरे और मिया को बिना डरे अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देना चाहते हैं।