Heavy Rain in Surat : गुजरात के सूरत में हो रही मूसलाधार बारिश ने 85 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इतनी भायनक पानी गिर रहा है कि आधा शहर डूब गया है। जिसमें 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
मुंबई के बाद अब गुजरात के सूरत में भीषण बारिश हो रही है। पिछले 36 घंटे से लगातार मूसलाधार पानी गिरने से आधे से ज्यादा शहर डूब में आ चुका है। घर-दफ्तर से लेकर स्कूल और अस्पताल तक पानी पानी हो चुके हैं। लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बेबस होकर लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। हालांकि, राज्य सरकार के आदेश पर सेना और एनडीआरएफ ने मोर्चा संभाल लिया है। लेकिन तबाही की जो तस्वीरें सामने आई हैं वह बेहद डरावनी हैं।


दरअसल, सूरत शहर और आसपास के कई गांवों में पिछले डेढ़ दिन से बारिश का दौर जारी है। अब तक करीब 20 इंच बारिश हो चुकी है। बताया जा रहा है कि जुलाई 1941 में दर्ज हुई इस बारिश ने 85 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।आलम यह है कि इस जलप्रलय में निचले इलाके की सभी कॉलोनियां डूब चुकी हैं। कई लोगों ने ऊपरी मंजिल पर जाकर रात गुजारी।

सूरत के जलप्रलय की जो तस्वीरें सामने आ रहीं हैं उन्हें देखकर ऐसा लग रहा है जैसे पूरा शहर समुद्र में बसा हो। शहर में आई बाढ़ में सिटी के कई शॉपिंग मॉल की एक मंजिल पानी में डूब चुकी है। बता दें कि इस बारिश ने सूरत की रफ्तार रोक दी है। कई दुकानों में पानी भरने से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।

शहर के लोगों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवनकाल में इतनी भयानक बारिश कभी नहीं देखी। उनका कहना है कि यह बारिश के रूप में कुदरत का कहर है जो तबाही से पूरे शहर को तहस-नहस कर रहा है। वहीं इस बाढ़ में सैंकड़ों कारें खिलौने की तरह डूबते हुए नजर आईं।
सूरत में बारिश ने हाहाकार मचा हुआ है। जो वीडियो सामने आ रहे हैं वह बेहद डरावने हैं किस तरह लोग अपने बच्चों और जरूरी सामान को उठाकर दुखी होकर घर छोड़ते हुए सुरक्षित ठिकाना ढूंढ़ रहे हैं। शहर का ऐसा कोई इलाका नहीं बचा, जहां पानी न भरा हो।

बता दें कि इस बारिश के कहर में अब तक सूरत में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं रेस्क्यू टीम ने करीब 4 हजार से ज्यादा लोगों को बाढ़ वाले इलाके से निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से कहा गया है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।


