TVK Government Completes 100 Days : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार ने 17 अगस्त सोमवार को 100 दिन पूरे कर लिए। इन सौ दिनों में सरकार ने कई बड़े फैसले किए। लेकिन सोमवार को जो ऐतिहासिक ऐलान किया उसकी तारीफ चारों तरफ हो रही है। जिससे राज्य के लाखों लोगों को सीधे तौर पर फायदा होगा।

चेन्नई (तमिलनाडु) : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. विजय जोसेफ ने 17 अगस्त को अपनी सरकार के 100 दिन पूरे कर लिए। इस मौके पर सीएम विजय ने सोमवार को अब तक का सबसे बड़ा ऐलान कर दिया।उन्होंने फसल-कर्जमाफी योजना का दायरा बढ़ाते हुए कुल वित्तीय मदद को ₹6,220 करोड़ कर दिया है। बता दें कि सरकार की इस घोषणा से राज्य के 13.34 लाख किसानों को फायदा होगा।

सीएम विजय ने किसानों को बताया अपनी जीवनरेखा

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ग्रामीण आजीविका उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने दोहराया कि तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रशासन के लिए किसानों का कल्याण सबसे ऊपर है। "अगर तमिलनाडु के लोग हमारी जान हैं, तो किसान हमारी जीवनरेखा हैं... किसानों की रोजी-रोटी की रक्षा करना, उनका कर्ज का बोझ कम करना और खेती को मजबूत बनाना इस सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से है।"

सहकारी बैंकों से लोन लेने पर किसानों का 100% कर्ज माफ

  • सीएम विजय की नई घोषणा के मुताबिक, सहकारी बैंकों से ₹75,000 तक का फसल लोन लेने वाले किसानों का 100% कर्ज माफ कर दिया जाएगा।
  • ₹75,000 से ₹1 लाख तक के लोन पर ₹75,000 की छूट मिलेगी।
  • इस नए स्लैब से 2,38,264 किसानों को ₹40,000 तक का अतिरिक्त फायदा होगा।
  • ₹1 लाख से ज्यादा के लोन पर ₹35,000 की एकमुश्त छूट दी जाएगी।
  • इस विस्तार के बाद पैकेज में ₹953.06 करोड़ और जुड़ गए हैं, जिससे कुल राहत अब ₹6,220 करोड़ हो गई है।
  • सरकार ने बताया कि 31 जुलाई तक 13.34 लाख किसानों के खातों में ₹5,267 करोड़ सीधे जमा किए जा चुके हैं।
  • तमिलनाडु सरकार 13.34 लाख किसानों को कुल ₹6,220 करोड़ की फसल-कर्जमाफी दे रही है।"

पहले सिर्फ ₹50,000 तक का कर्ज माफ था

CM विजय ने इस पॉलिसी के सफर को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 25 मई को सत्ता संभालने के 15 दिनों के भीतर ही सरकार ने शुरुआत में ₹50,000 तक के कर्ज माफ किए थे। बाद में 19 जून को किसान संघों के साथ लंबी बातचीत के बाद इसका दायरा और बढ़ाया गया।