भोपाल की ट्विशा शर्मा डेथ केस में रहस्य गहराया। मॉडलिंग, तेलुगु फिल्म और कॉर्पोरेट करियर के बीच आत्महत्या या साजिश? परिवार के आरोप, CCTV फुटेज विवाद, दहेज उत्पीड़न, फरार आरोपी समर्थ सिंह और पोस्टमॉर्टम विवाद ने केस को और संदिग्ध बना दिया।
Twisha Sharma Death Case: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। जिस ट्विशा को अब तक लोग केवल एक रिटायर्ड जज की बहू और हाई-प्रोफाइल एडवोकेट की पत्नी के रूप में देख रहे थे, उसकी जिंदगी का एक बेहद चमकीला और अनसुना पहलू सामने आया है। ग्लैमर, मॉडलिंग और कॉर्पोरेट जगत में अपनी सफलता का परचम लहराने वाली 25 वर्षीय ट्विशा की रहस्यमयी मौत ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। इस दर्दनाक अंत के पीछे छिपे कड़वे सच और पारिवारिक विवादों की परतें अब एक-एक कर खुलने लगी हैं।

मिस पुणे से कॉर्पोरेट मैनेजर तक: ग्लैमर का वो चमकता चेहरा
ट्विशा शर्मा की जिंदगी का सफर बेहद प्रेरणादायक और बहुआयामी रहा था। साल 2012 में 'मिस पुणे' का खिताब जीतने के बाद उनके लिए ग्लैमर की दुनिया के दरवाजे खुल गए थे। उन्होंने 'Dove' और 'L'Oréal' जैसे अंतरराष्ट्रीय मल्टीनेशनल ब्रांड्स के लिए एड शूट किए। इतना ही नहीं, साल 2018 में हिंदी शॉर्ट फिल्म 'जरा संभल के' और 2021 में आई तेलुगु कॉमेडी-थ्रिलर फिल्म 'मुग्गुरू मोनागल्लू' में मुख्य भूमिका निभाकर उन्होंने अभिनय की दुनिया में भी लोहा मनवाया। हालांकि, जब फिल्मों में अपेक्षित सफलता नहीं मिली, तो उन्होंने हार नहीं मानी। सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी से बीबीए करने के बाद उन्होंने डिस्टेंस लर्निंग से एमबीए किया और 'जर्मन अकादमी डिजिटल एजुकेशन' में बतौर कम्युनिकेशन मैनेजर कॉर्पोरेट सेक्टर में अपनी नई पहचान बनाई।
मेट्रिमोनियल साइट पर मुलाक़ात और 'हनीमून' से शुरू हुआ टॉर्चर
कॉर्पोरेट जगत में काम करने के दौरान ही ट्विशा की मुलाकात एक मेट्रिमोनियल साइट के जरिए भोपाल के बागमुगलिया एक्सटेंशन के रहने वाले समर्थ सिंह से हुई। नजदीकियां बढ़ीं और दिसंबर 2025 में दोनों की शादी हो गई। लेकिन इस शादी के मंडप से जो कड़वाहट शुरू हुई, उसने ट्विशा को घुट-घुट कर जीने पर मजबूर कर दिया। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि समर्थ शुरू से ही क्रिमिनल माइंडसेट का था। शादी के तुरंत बाद हनीमून पर जाते समय भोपाल एयरपोर्ट पर ही उसने ट्विशा को बेरहमी से धक्का दिया था। परिवार ने सामाजिक लोक-लाज के डर से उस वक्त चुप्पी साधे रखी, जिसे वे अब अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल मान रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज का 'रहस्य': आत्महत्या या सोची-समझी साज़िश?
ट्विशा की मौत के बाद वायरल हुए पूर्व जज गिरीबाला सिंह के घर के सीसीटीवी फुटेज पर मृतका की बहन नैना ने गंभीर सवाल उठाए हैं। नैना का आरोप है कि फुटेज में ट्विशा जब छत की तरफ जा रही है, तो वह बेहद शांत (कूल) दिख रही है और उसके हाथ में हेडफोन हैं। छत पर एक जिम भी बना है, जहां वह संभवतः एक्सरसाइज करने गई थी। फुटेज में केवल उसका ऊपर जाना दिखाया गया है, लेकिन बीच के समय में क्या हुआ, वह गायब है। दूसरे फुटेज में पति समर्थ उसे सीढ़ियों पर लिटाकर सीपीआर (CPR) देता दिख रहा है, जिसे परिवार महज एक ड्रामा और दिखावा करार दे रहा है। परिजनों का सवाल है कि अगर इतनी फिक्र थी, तो उसे तुरंत अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया?
चरित्र हनन और धमकियों का दौर: न्याय के इंतज़ार में शव
ट्विशा की रहस्यमयी मौत को 8 दिन बीत चुके हैं, लेकिन न्याय की मांग को लेकर अड़े परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए शव लेने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि रसूखदार ससुराल पक्ष दूसरे पोस्टमार्टम (PM-2) की प्रक्रिया में जान-बूझकर देरी करवा रहा है ताकि सबूतों से छेड़छाड़ की जा सके। वहीं, पूर्व जज गिरीबाला सिंह द्वारा ट्विशा को 'ड्रग एडिक्ट' बताए जाने पर भाई हर्षित भड़क उठे हैं। उन्होंने इसे दिवंगत बहन का चरित्र हनन बताते हुए कहा कि अग्रिम जमानत पर बाहर घूम रही एक महिला उनके परिवार को गुंडों से पिटवाने की धमकियां दे रही है।
मुख्य आरोपी फरार, पुलिस ने कसा शिकंजा
इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने दहेज मृत्यु (Dowry Death) का केस दर्ज कर लिया है। जहां एक तरफ पूर्व जज गिरीबाला सिंह को 24 घंटे के भीतर कोर्ट से जमानत मिल गई, वहीं दूसरी तरफ मुख्य आरोपी और ट्विशा का पति समर्थ सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने आरोपी समर्थ की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है और उसे पाताल से भी ढूंढ निकालने के लिए 6 विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। अब देखना यह है कि कानून के रखवालों के इस रसूखदार परिवार के खिलाफ ट्विशा के बेबस माता-पिता को कब और कैसे इंसाफ मिलता है।


