कौशांबी के एक मेडिकल कॉलेज में 22 वर्षीय लड़की की सर्जरी के दौरान बेहोशी में तस्वीरें खींची गईं। स्टाफ द्वारा इन्हें वायरल किए जाने के बाद मामले की जांच शुरू हो गई है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक मेडिकल कॉलेज को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां इलाज के लिए भर्ती एक 22 साल की लड़की की सर्जरी के दौरान तस्वीरें खींचकर वायरल कर दी गईं। यह तस्वीरें तब खींची गईं जब लड़की ऑपरेशन थिएटर में बेहोशी की हालत में थी। फोटो खींचने वाला कोई और नहीं, बल्कि ऑपरेशन थिएटर में मौजूद स्टाफ में से ही कोई एक था। तस्वीरें कई व्हाट्सएप ग्रुप्स में वायरल होने के बाद अब इस मामले पर बवाल मच गया है और जांच शुरू हो गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बेहोशी की हालत में खींची तस्वीरें

यह घटना 26 अप्रैल की बताई जा रही है। लड़की को स्त्री रोग से जुड़ी एक समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी 'बार्थोलिन सिस्ट' (Bartholin's cyst) की सर्जरी होनी थी। ऑपरेशन के दौरान जब लड़की बेहोश थी, तो ऑपरेशन थिएटर में मौजूद किसी शख्स ने अपने मोबाइल से उसकी तस्वीरें खींच लीं। बाद में ये तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो गईं और किसी तरह लड़की के परिवार वालों तक पहुंच गईं। वायरल तस्वीरों में लड़की का चेहरा और निजी अंग साफ तौर पर दिख रहे थे।

परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग

अपनी बेटी की इज्जत और प्राइवेसी के साथ हुए इस खिलवाड़ से परिवार बेहद गुस्से में है। उन्होंने अस्पताल मैनेजमेंट और पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर जैसी सुरक्षित जगह पर ऐसी घटना होना अस्पताल स्टाफ की गंभीर लापरवाही को दिखाता है। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और मेडिकल कॉलेज मैनेजमेंट ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच टीम उस वक्त ऑपरेशन में शामिल डॉक्टरों, नर्सों और बाकी स्टाफ से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना को लेकर आम लोगों में भी काफी गुस्सा है। लोग मांग कर रहे हैं कि ऑपरेशन थिएटर में मौजूद सभी स्टाफ के मोबाइल फोन की जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस मामले ने एक बार फिर सभी अस्पतालों में स्टाफ पर कड़ी निगरानी रखने की जरूरत पर जोर दिया है।